मामला दर्ज, रेस्ट्रॉन्ट कर्मचारियों ने सेना के जवानों को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

बागपत 
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में सूजती गांव निवासी सेना के दो जवान शनिवार को एक रेस्ट्रॉन्ट में खाना खाने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी रेस्ट्रॉन्ट के कर्मचारियों के साथ बहस हो गई, जिसके बाद नौबत मारपीट तक की पहुंच गई। हैरान करने वाली बात तो यह है कि रेस्ट्रॉन्ट के कर्मचारी दोनों जवानों को बीच सड़क पर पीटते रहे लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। यही नहीं, मदद के बजाए लोग पिटाई का विडियो बनाने में मशगूल दिखे। पूरी वारदात के बाद पुलिस ने 7 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। 
विडियो में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि एक जवान जो हरे कुर्ते में है और दूसरा जिसने लाल रंग का बैग लटका रखा है, दोनों को कई लोग मिलकर लाठी-डंडों से पीट रहे हैं। हरे रंग का कुर्ता पहने हुए जवान लहूलुहान भी हो गया है लेकिन उस पर लगातार रेस्ट्रॉन्ट के कर्मचारियों द्वारा लाठियां बरसाई जा रही हैं। 

'7-8 लोगों को किया गया है गिरफ्तार'
सीओ रामानंद कुशवाहा ने बताया, 'आर्मी के दो जवान एक रेस्ट्रॉन्ट में खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनकी एक शख्स के साथ बहस हो गई, जिसके बाद रेस्ट्रॉन्ट स्टाफ और दोनों जवानों के बीच नौबत हाथापाई तक की आ गई। पूरे मामले में केस दर्ज कर रेस्ट्रॉन्ट के 7-8 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच की जा रही है।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *