मध्‍यप्रदेश कांग्रेस सेवादल की प्रदेश और जिला इकाइयां भंग, जल्द होगा नई का ऐलान

भोपाल
लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल की प्रदेश और जिला इकाइयों को भंग कर दिया गया है।मप्र कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र यादव ने यह कार्रवाई की है।अब 21  जून के बाद नई इकाइयों का गठन किया जाएगा।इसके पहले 31 मई को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल की बैठक बुलाई गई है।जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र यादव ने बताया अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष लाल देसाई के निर्देशानुसार कांग्रेस सेवादल की इकाइयों को भंग किया है। 31 मई को सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल की बैठक बुलाई गई है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पर्यवेक्षकों को आमंत्रित किया गया है। यह पर्यवेक्षक 31 मई को बैठक में प्राप्त निर्देशानुसार अपने प्रभार के जिले में पहुंचकर एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्यालय को सौंपेंगे।

डॉ. सत्येंद्र यादव ने बताया कि इसके बाद 20 जून तक प्रदेश और जिला की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 31 मई को होने वाली बैठक में प्रदेश महिला संगठक, यंग ब्रिगेड और सेवादल के वरिष्ठ पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *