अंबानी ने अपने 2 लाख कर्मचारियों को लिखा ईमेल

नई दिल्ली
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी के उन हजारों कर्मचारियों की पीठ थपथपाई जो मोबाइल, आवश्यक समानों और ईंधन जैसी सेवाओं को लॉकडाउन के बीच भी चालू रखे हुए हैं। अंबानी ने देश की जीवन रेखा चला रहे इन कर्मचारियों को 'फ्रंटलाइन वॉरियर्स' कह कर सम्मानित किया। अंबानी ने दोहराया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज कोरोना वायरस के खिलाफ इस जंग में भारत के साथ खड़ी है।

'कर्मियों की प्रतिबद्धता काबिले तारीफ'
समूह के दो लाख से अधिक कर्मचरियों को लिखे एक ई मेल संदेश में अंबानी ने कहा कि आधुनिक इतिहास के सबसे भयानक रोग से जूझने में रिलायंस के कर्मचारियों ने जो असाधारण प्रतिबद्धता दिखाई है, वह काबिले तारीफ है।

'जियो ने 40 करोड़ लोगों को कनेक्ट रखा'
अंबानी ने कहा कि जब देश के अधिकांश 130 करोड़ भारतीय लॉकडाउन का सामना कर रहे हैं, ऐसे में दूरसंचार क्षेत्र में जियो ने निर्बाध सेवाओं से 40 करोड़ लोगों को कनेक्ट किए रखा, रिलायंस रिटेल लाखों लोगों तक आवश्यक सामान पहुंचा रही है।

'100 बिस्तरों का कोरोना अस्पताल बनाया'
रिलायंस लाइफ साइंसेस भारत में COVID-19 की टेस्ट क्षमता को बढाने में लगी है और सर एच. एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल ने केवल 10 दिनों में मुंबई में 100 बिस्तरों वाला कोरोना अस्पताल बना दिया।

'खुद का कोविड-19 टेस्ट विकसित किया'
अंबानी ने घोषणा की कि रिलायंस लाइफ साइंसेस ने COVID -19 के लिए अपना स्वयं का टेस्ट विकसित किया है, जो शुरुआत में रिलायंस कर्मचारियों के लिए उपलब्ध होगी और बाद में इसे लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस कठिन समय को एक साथ पार कर पाएंगे और रिलायंस एक बड़े परिवार के रूप में उभरेगा।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *