BJP ने 5 साल में युवाओं-महिलाओं और किसानों की नींद उड़ाई पर अब उनकी ही नींद उड़ गई: अखिलेश

हाथरस
समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में किए गए वादों का हिसाब किताब बताने के बजाय भारतीय जनता पार्टी (BJP) मतदाताओं को भ्रमित करने के इरादे से नया ‘धोखा पत्र’ लेकर आई है। हाथरस से सपा प्रत्याशी रामजी लाल सुमन के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास 5 साल के कार्यकाल का कोई हिसाब नहीं है। 2014 का संकल्प पत्र भाजपा अभी तक पूरा नहीं कर सकी। इस बार फिर भाजपा नया धोखा पत्र ले आई है।

यादव ने कहा कि महागठबंधन से देश में महापरिवर्तन की हवा बह रही है। यह गठबंधन किसानों, गरीबों और सामाजिक न्याय दिलाने वालों का गठबंधन है। इससे भाजपा की नींद गायब हो गई है। केन्द्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। आलू किसानों को लागत मूल्य नहीं मिल रहा है। देश का अन्नदाता बर्बाद हो गया। किसानों की आय लगातार कम हुई है। नोटबंदी की कोई उपलब्धि नहीं रही। भ्रष्टाचार, कालाधन, बढ़ा है। जनता पूछ रही है कि अच्छे दिन कब आएंगे। जो वादे किए थे वे कब पूरा करेगें।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में संविधान खतरे में है। मुख्यमंत्री कहते हैं उन्होंने कांवड़ यात्रा करा दी, बेहतर होता वे कांवड़ यात्रा में शामिल सभी नौजवानों को नौकरी दे देते। यादव ने कहा कि समाजवादियों ने काम किया लेकिन प्रचार नहीं कर पाए। भाजपा ने समाजवादी पेंशन को रोक दिया। समाजवादी सत्ता में आएंगे तो समाजवादी पेंशन की राशि बढ़ाकर 3000 रुपए कर दी जाएगी और इसके साथ लोहिया आवास देने का भी काम होगा। केन्द्र में हमारी मदद से सरकार बनी तो गरीबों का मुफ्त इलाज कराएंगे। आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी सड़क बनाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने और देश बदलने का है। महागठबंधन की सरकार बनी तो विदेश की चीनी नहीं खाएंगे। देश की चीनी यहां के किसानों के गन्ने से बनेगी। समाजवादियों ने हमेशा एक दूसरे को सम्मान दिया है जबकि भाजपा भरोसा तोड़ने का काम करती है। भाजपा ने गर्मी में चुनाव कराकर भी जनता को परेशान किया है। उन्होंने कहा गठबंधन देश में नया परिवर्तन लाएगा और नया प्रधानमंत्री देगा जो किसानों और गरीबों के लिए काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *