सरकार के खिलाफ बोले कांग्रेस विधायक

भोपाल
मध्य प्रदेश  में कांग्रेस अपने ही नेताओं से घिरी नज़र आ रही है। कैबिनटे में शामिल नहीं किए जाने से नाराज़ कांग्रेस के पिछोर विधानसभा से विधायक केपी सिंह (कक्का जी) ने पार्टी नेताओं के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को वह अपने क्षेत्र में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौर सोशल मीडिया पर उनके इस संबोधन को लाइव भी किया गया। इसमें वह पार्टी नेताओं की हार को लेकर सवाल खड़े करते दिखाई दे रहे हैं।

केपी सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दस फीसदी पर विपक्ष का नेता चुना जाता है। लेकिन दस फीसदी भी नहीं चुने गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी चुनाव हार गए। इस तरह हमारे सिंधिया जी भी चुनाव हार गए। जिससे जनता में यह संदेश गया कि जनता कांग्रेस के साथ अब नहीं है। विधानसभा में बहुमत या किसी तरह से सरकार बन गई इस वजह से भी बहुत बड़ा दबाव और प्रशासनिक कार्यों में माहौल नहीं बन पाया है। वही, पुरानी व्यवस्था और लूट खसोट जारी है। जो बदलाव सरकार बनने के बाद आना चाहिए था वह नहीं आया है। इसलिए प्रशासनिक सुधार नहीं हो पाया है। मेरे मन में भी संतुष्टि नहीं है। धीरे धीरे बदलाव की कोशिश कर रहे हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार 15 साल लंबा वनवास काट कर आई है। सरकार बनने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी वरिष्ठ विधायकों को कैबिनेट में शामिल करेगी। लेकिन पूर्ण बहुमत हासिल नहीं होने की स्थिति में कैबिनेट के समिकरण बिगड़ गए। केपी सिंह छह बार के विधायक हैं। उन्हें अंतिम समय पर बताया गया कि वह कैबिनेट का हिस्सा नहीं होंगे। जिसके बाद लंबे समय तक उनकी नाराजगी जग जाहिर रही। वर्तमान में भी उनके बयान से साफ झलक रहा है कि वह सरकार के काम काज से खुश नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *