भोपाल में कल से सब्जी और किराना दुकानें भी नहीं खुलेंगी, इंदौर के पथराव वाले इलाके में 10 नए संक्रमित

भोपाल
21 दिन के लॉकडाउन का आज 12वां दिन है। जैसे-जैसे इसके दिन कम हो रहे हैं, वैसे ही कोरोनावायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इंदौर में शनिवार को 16 नए मरीज मिले, इनमें 10 टाटपट्‌टी बाखल इलाके से हैं। ये सभी मरीज दो सटे हुए मकानों के हैं। टाटपट्‌टी बाखल वही इलाका है, जहां 1 अप्रैल को सर्वे के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अमले पर पथराव हुआ था। भोपाल में सब्जी के एक बड़े व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अगले आदेश तक शहर की सभी सब्जी मंडियों को सील कर दिया गया है। इससे आगामी दिनों में भोपाल में सब्जी की किल्लत होगी। रविवार शाम कलेक्टर ने दूध एवं दवाई की दुकानों को छोड़कर बाकी सभी दुकानें अगले आदेश तक बंद करने का आदेश दिया।

प्रदेश में अब तक 183 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें इंदौर में 128, मुरैना में 12, भोपाल में 18, जबलपुर में 8, उज्जैन में 7, खरगोन में 4, बड़वानी में 3, जबकि ग्वालियर, शिवपुरी और छिंदवाड़ा में 2-2 संक्रमित मिले। इंदौर में 8, उज्जैन में 2, खरगोन और छिंदवाड़ा में एक-एक पीड़ित की मौत हो चुकी है। भोपाल के 2 मरीजों को स्वस्थ्य होने पर घर भेज दिया गया है।

भोपाल समेत प्रदेश को आज रात 9 बजे का इंतजार है। इस समय लोग घरों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए 9 मिनट तक 9 दीये जलाएंगे। लोगों ने इसकी तैयारी एक दिन पहले से कर ली है। गायत्री शक्ति पीठ की ओर दीप यज्ञ किया जाएगा। गायत्री परिवार के सदस्य घर और मंदिर में दीपयज्ञ करेंगे। छत और बालकनी में लोग पूजन कर दीप जलाएंगे।  

भोपाल में कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए कलेक्टर तरुण पिथौडे ने धारा 144 के तहत ये आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि अब दूध एवं दवाई की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें अगले आदेश तक बंद रहेंगी। नगर निगम द्वारा भोजन वितरण प्रणाली और होम डिलीवरी प्रणाली जो सक्षम अधिकारी द्वारा अधिकृत की गई हो, वो चालू रहेगी। यह आदेश आज रात 12:00 बजे से लागू हो जाएगा। शनिवार को करौंद मंडी के एक सब्जी व्यापारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद राजधानी की सभी सब्जी मंडियों को आगामी आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया।

शहर में टोटल लॉकडाउन का रविवार को पांचवा दिन है। मुख्य सड़कों पर इसका कोई असर देखने नहीं मिल रहा है। प्रशासन के आदेश के बावजूद न केवल दुकानदार, बल्कि आमजन स्थिति की गंभीरता को समझने तैयार नहीं हैं। आलम यह है कि थाने से महज 100 मीटर दूर गलियों में सब्जी बाजार बन गया है। यानी अब सड़क छोड़कर सब्जी के ठेले गलियों में लग रहे हैं। यहां लोग इकट्ठे खड़े हो रहे हैं।

 दूध डेयरी पर भीड़ लग रही है। किराना बेचने वाले तो मानने को ही तैयार नहीं हैं। यह हालात तब हैं, जब शहर में चार दिन के टोटल लॉकडाउन में किराना, सब्जी, फल और दवा तक की दुकानें तक बंद करने के आदेश हैं। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो दो दिन सबकुछ ठीक रहा, लेकिन पुलिस के सुस्त होते ही फिर बाजार सामान्य दिनों की तरह खुलने लगे। अभी लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे, जबकि पूरे प्रदेश के अन्य शहरों में कोरोना कहर बरपा रहा है।

प्रदेश में कोरोना लॉकडाउन के बाद शनिवार तक करीब 17500 हजार यात्रियों को निगरानी के लिए चिह्नित किया गया। लेकिन अब तक 1277 यात्री ऐसे हैं, जिनके बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वे कहां गए। इनके बारे में जानकारी ली जा रही है। निगरानी में रखे गए लोगों में अगर कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं तो तत्काल इनका इलाज किया जाएगा। कोरोना की रोकथाम के लिए शनिवार तक 2424 सैंपल लिए गए। इनमें निगेटिव पाए गए नमूनों की संख्या 1757 है। शनिवार को 897 सैंपल लिए गए और इनमें से 436 निगेटिव पाए गए। अब इनकी रिपोर्ट आएगी।

भोपाल की विभिन्न मस्जिदों में ठहरे चार जमातियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अन्य जमातियों और उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारैंटाइन किया जा रहा है। नगर निगम जोन-11 के जोनल अधिकारी शैलेंद्र पारे ने बताया कि नवीन नगर ऐशबाग में 11 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। जमातियों के संपर्क में आने वाले 69 अन्य लोगों को भी रविवार को क्वारैंटाइन किया जाएगा। इस क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस किसी भी व्यक्ति को भीतर नहीं जाने दे रही। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ही यहां आ-जा रहे हैं।

बाग फरहत अफजा मस्जिद में इंडोनेशिया की जमात ठहरी है। इसमें 12 जमाती हैं। इसके अलावा मस्जिद सिकंदर कुली में भी प्रदेश के अन्य शहरों से आए 10 जमाती ठहरे हैं। रानी अमन मस्जिद में 3 जमाती ठहरे हैं। सभी को क्वारैंटाइन किया गया है। इधर, शहर में 60 हैंड सैनिटाइजर के साथ 48 मशीनें लगाई गईं हैं। इनसे बड़े भवनों से लेकर मोहल्लों, सड़कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के साथ कैंटोनमेंट एरिया में सैनिटाइजेशन चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *