भारी गिरावट के बाद बाजार ने की रिकवरी, सेंसेक्स 35,905 और निफ्टी 10,800 के करीब बंद

नई दिल्ली 
 बुधवार को कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन का कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 68 अंक की गिरावट साथ 35,905.43 और निफ्टी 41 अंको की कमजोरी के साथ 10,794 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 20 हरे निशान और 30 लाल निशान पर बंद हुए। पुलवामा हमले के बाद आज सुबह शेयर बाजार में रौनक नजर आई। सुबह बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का बेंचमार्क इंडेक्स, सेंसेक्स 246.48 अंको की बढ़त के साथ 36,220.19 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 54.25 अंको की उछाल के साथ 10,889.55 पर खुला। 

हालांकि, पकिस्तान के भारतीय सीमा में हवाई घुसपैठ की खबरों के बाद बाजार नर्वस नजर आया और सेंसेक्स देखते ही देखते 600 से अधिक अंक तक लुढ़क गया। जबकि निफ्टी करीब 100 से अधिक अंक तक टूट गया।

थोड़ी देर बाद बाजार में रिकवरी देखने को मिली और दोपहर बाद सेंसेक्स करीब 50 अंकों की मजबूती के साथ ट्रेड करता पाया गया। निफ्टी दोपहर बाद करीब 8  अंक की गिरावट के साथ 10,800 के ऊपर ट्रेड करता रहा।  

सेंसेक्स ने दिन भर के कारोबार के दौरान 36,371.11 का हाई बनाया और इसका निचला स्तर 35,735.33 रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *