फेसबुक, ट्विटर व नमो एप पर अमित शाह को सुनेंगे भाजपाई, वर्चुअल रैली की तैयारी में जुटी बिहार भाजपा

 पटना  
बिहार भाजपा गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल रैली को सफल बनाने में जुट गई है। फेसबुक, ट्वीटर के अलावा नमो एप से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की तैयारी है। प्रदेश से लेकर जिला व मंडल के साथ ही बूथ स्तरीय सभी नेता इस रैली को सुनेंगे। पार्टी का दावा है कि एक लाख से अधिक लोग इस रैली में शामिल होंगे। पार्टी नेताओं के अलावा सीमित संख्या में आम लोगों को भी इस रैली से जोड़ने की रणनीति पर काम चल रहा है।   

पार्टी नेताओं का दावा है कि देश का पहला राजनीतिक दल भाजपा होगा जो डिजिटल माध्यमों का इस तरह से और इतने व्यापक स्तर पर प्रयोग कर रहा है। इसलिए इस वर्चुअल रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को लगने को कहा गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह को कार्यक्रम प्रभारी बनाया है। पार्टी के जिला, मंडल व बूथ स्तरीय सभी नेताओं का मोबाइल व व्हाट्सअप नंबर पार्टी मुख्यालय के पास है। आईटी सेल की टीम 7 जून को पार्टी के सभी नेताओं को फेसबुक व ट्वीटर का लिंक भेजेगी ताकि लोग समय पर जुड़ सकें। 

सोशल मीडिया के अलावा नमो एप पर भी गृह मंत्री की रैली का प्रसारण होगा। रैली में सभी नेता अनिवार्य रूप से जुड़ सकें, इसके लिए निगरानी तंत्र बनाया गया है। मसलन प्रदेश के नेता जिला, जिला के नेता मंडल तो मंडल स्तरीय नेता बूथ स्तरीय सप्तऋषि टीम तक के साथ सीधे सम्पर्क में रहेंगे। वहीं पार्टी के सभी मोर्चा ने अपने स्तर पर राज्य में 200 स्थानों पर इस वर्चुअल रैली का प्रसारण करने की तैयारी की है। इसके तहत जिलों में विभिन्न स्थानों पर टीवी स्क्रीन के माध्यम से रैली का प्रसारण किया जाएगा। 

भाजपा की वर्चुअल रैली अब सात को होगी 
आगामी बिहार विधानसभा की चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा की पहली वर्चुअल यानी डिजिटल रैली नौ के बदले 7 जून को होगी। गृह मंत्री अमित शाह इस वर्चुअल रैली के जरिए बिहार के एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि पहले यह कार्यक्रम 9 जून को होना था, लेकिन कुछ कारणों से तिथि में बदलाव कर दिया गया है।

कोरोना संकट को देखते हुए पहले की तरह राजनीतिक गतिविधियां अभी नहीं हो सकेंगी। इसलिए भाजपा ने इस चुनाव में सोशल मीडिया व अन्य डिजिटल प्लेट़फॉर्म का अधिकाधिक प्रयोग करने का निर्णय लिया है। 
-संजय जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *