प्राची को कियारा के बारे में बताएगी प्रज्ञा?
टीवी शो 'कुमकुम भाग्य' में हाल ही में प्रज्ञा ने रिया को जेल जाने से बचाया, जिसके बाद लगने लगा है कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक हो जाएगा। हालांकि ऐसा होगा या नहीं, इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता। लेकिन रिया वाकई प्रज्ञा को पसंद करने लगी है।
रिया ने जब प्रज्ञा से पूछा था कि पूरी सच्चाई पता होने के बावजूद उसने उसे क्यों बचाया, तो इस पर प्रज्ञा ने कहा कि वह एक मां है और मां होने के नाते वह अच्छी तरह से समझती है कि एक बच्चे पर परेशानी में क्या गुजरती है। बस प्रज्ञा की इसी बात ने रिया का दिल जीत लिया था।
आने वाले ऐपिसोड में दिखेगा कि कैसे प्रज्ञा प्राची को बताती है कि अभि एक अच्छा पिता है और एक अच्छा इंसान भी। दरअसल प्रज्ञा नहीं चाहती कि प्राची इस वजह से अभि से नफरत करे कि उसने उन लोगों को छोड़ दिया। इसके बाद वह यह भी बताने की कोशिश करती है कि कैसे उसे अभि को छोड़ना पड़ा था लेकिन अभि नहीं चाहता था कि वह उसकी जुड़वां बच्चियों को साथ ले जाए।
इसलिए दोनों ने फैसला किया था कि वे एक-एक बेटी को अपने पास रखेंगे। क्या प्रज्ञा प्राची को कियारा के बारे में भी बता देगी? फिलहाल शो के किसी भी एपिसोड में ऐसा नहीं दिखाया गया है जहां रिया या फिर प्राची अपनी स्वर्गवासी बड़ी बहन कियारा के बारे में बात करती नजर आई हों। खैर, अब देखना यह होगा कि आने वाले एपिसोड में प्रज्ञा, प्राची को कियारा के बारे में बता पाएगी या नहीं।