पूर्व सांसद भालचंद यादव का 61 साल की उम्र में निधन

गुरुग्राम
 संत कबीरनगर जिले के पूर्व सांसद भालचंद यादव का गुरुग्राम के मेदांता में निधन हो गया है। वे 61 वर्ष के थे। उन्होंने मेदांता में शुक्रवार दोपहर बाद अंतिम सांस ली। वह पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। जानकारी के मुताबिक, पीलिया की वजह से उनकी हालत बृहस्पतिवार की सुबह अधिक बिगड़ गई थी। जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर के सहारे रखा गया था।

भालचंद यादव के उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर जिले के भगता गांव के रहने वाले थे। उनका इलाज वह गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. श्रुति मिश्रा की देख-रेख में चल रहा था। भालचंद्र यादव वर्तमान समय में कांग्रेस से जुड़े थे। खलीलाबाद लोकसभा सीट से भालचंद यादव सांसद चुने गए थे। भालचंद का जन्म यूपी के बस्ती जिले में एक जुलाई साल 1958 को हुआ था। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। वे वर्तमान समय में संत कबीरनगर जिले में निवास कर रहे थे।

भालचंद यादव ने अपना अंतिम लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। हालांकि उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। वे एक लाख 27 हजार 488 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे थे। कांग्रेस ने संत कबीर नगर संसदीय क्षेत्र से भालचंद को अपना प्रत्याशी बनाया था। पहले कांग्रेस ने इस सीट से परवेज खान को टिकट दिया था लेकिन 24 घंटे के अंदर उम्मीदवार बदल कर भालचंद को टिकट दे दिया था। भालचंद यादव दो बार सांसद रहे हैं। वे समाजवादी पार्टी से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद तक पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *