छत्तीसगढ़: चुनाव के पहले आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा की सीमा सील

रायपुर
 लोकसभा चुनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ से लगे आंध्रप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और तेलंगाना की सीमा को सील कर दिया गया है। पडो़सी राज्यों को जोडऩे वाले सभी मुख्य मार्गों में 16 चेकपोस्ट बनाए गए है। यहां 50 से अधिक हथियारबंद जवानों को तैनात किया गया है। वह 24 घंटे मालवाहक और यात्री बसों की जांच करने में जुटे हुए हैं। साथ ही माओवादी गतिविधियों को देखते हुए फोर्स अंदरूनी इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और सर्चिंग अभियान में जुटी हुई है।

 

पिछले दिनों पड़ोसी राज्यों के अफसरों के साथ बार्डर मीटिंग का आयोजन किया गया था। इसमें ऑपरेशन और खुफिया विभाग से जुड़े अफसरों शामिल हुए थे। इसके बाद सभी राज्यों में स्पेशल चेकपोस्ट बनाने पर सहमति बनी थी। बता दें कि 11 अप्रैल को बस्तर लोकसभा क्षेत्र के 8 विधानसभाओं में 1878 मतदान केंद्रों में वोटिंग होगी। इसमें से करीब 150 मतदान केंद्र सीमावर्ती राज्यों से जुड़े हुए हैं। इसे देखते हुए सीमांत इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

यहा बनाए गए चेक पोस्ट
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले 8 विधानसभा में दंतेवाडा़ को छोड़कर सभी पडो़सी राज्यों की सीमा से जुड़े हुए है। इसे देखते हुए आंध्रप्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना की सीमा से जुड़े सुकमा जिले में सबसे अधिक 6 चेकपोस्ट, इसी तरह महाराष्ट्र और तेलंगाना से जुड़े बीजापुर जिले में 4 चेकपोस्ट, ओडिशा से जुड़े जगदलपुर, बस्तर और कोंडागांव 4 चेकपोस्ट और महाराष्ट्र से जुड़े नारायणपुर जिले में 2 चेकपोस्ट बनाए गए है। बता दें कि यह सभी विधानसभा से होकर राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग से पडो़सी राज्य जुड़े हुए है। इसके चलते 24 घंटे वाहनों की आवाजाही होती रहती है। घना जंगल होने के कारण अक्सर वाहनों की जांच नहीं हो पाती। इसके चलते सीमांत इलाकों में माओवादियों की आमदरफ्त भी देखने को मिलती है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

राज्य की सीमा से सटे हुए सभी जिलों की सीमा को सील कर वहां चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां बिना सुरक्षा जांच के किसी को भी प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।

विवेकानंद सिन्हा, आईजी बस्तर रेंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *