गौर की चुनौती, ‘दिग्विजय आ जाएं भोपाल, हो जाए दो-दो हाथ’

भोपाल

लोकसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत तेज हो गई है| मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री दिगिवजय सिंह को सबसे कठिन सीट से लड़ने की बात कही थी, जिसके बाद दिग्विजय भी तैयार हैं| उन्होंने कहा है कि मैं कमलनाथ जी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इस लायक समझा और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमजोर सीट से चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया| इसके बाद अब बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल गौर ने भी दिग्विजय को चुनौती दे डाली है| उन्होंने कहा है कि दिग्विजय आ जाएँ भोपाल, हो जाएं दो-दो हाथ। आ जाएं, पराक्रम दिखाएं। बता दें कि गौर एक बार फिर चुनाव लड़ने को तैयार हैं और भोपाल सीट से दावेदारी ठोक रहे हैं| हालाँकि बीजेपी से उनके अलावा भी आधा दर्जन नेता भोपाल से अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं| 

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में दिग्विजय के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी है| गौर ने कहा 'आ जाएं भोपाल, हो जाए दो-दो हाथ। आ जाएं, पराक्रम दिखाएं। भोपाल से जीतकर दिखाएं। मालूम पड़ जायेगा। भोपाल से जीतना लोहे के चने चबाना है। यहां बीजेपी की जड़ें बहुत गहरी हैं, यहां भूलकर नहीं आ जाना दिग्विजय'। बाबूलाल गौर ने कहा भोपाल से कांग्रेस कई दिग्गजों को चुनाव लड़ा चुकी है, पचौरी, पटौदी तक चुनाव हार गए| 

बता दें कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने पर कहा था कि दिग्विजय को सबसे कठिन सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, जहां कांग्रेस 30 साल से नहीं जीती हो| ऐसी कठिन सीटों में भोपाल, इंदौर शामिल हैं| जहां से दिग्विजय का चुनाव लड़ने को लेकर नाम चर्चा में है| इस बीच दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि मैं कमलनाथ जी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इस लायक समझा और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमजोर सीट से चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया| साथ ही उन्होंने कहा कि ''मैं राघौगढ़ की जनता की कृपा से साल 77 की जनता पार्टी की लहर में भी लड़कर जीत आया था| चुनौतियों को स्वीकार करना मेरी आदत है. जहां से भी मेरे नेता राहुल गांधी कहेंगे मैं चुनाव लड़ने को तैयार हूं.''

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *