किसानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर कर्जमाफी के लिए दिया धन्यवाद 

रायपुर
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज दंतेवाड़ा जिले के ग्राम फरसपाल में ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने किसानों की मांग पर गांव की उद्वहन सिंचाई योजना की मरम्मत और नहर लाइनिंग कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर फरसपाल के सर्वश्री कुमा, आयतू, लक्ष्मण और ग्राम कुपेर के संपत सहित अनेक किसानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर किसानों की कर्जमाफी तथा 25 सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी के फैसले के लिए धन्यवाद दिया। किसानों ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को धान से तौलकर अपनी खुशी का इजहार किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इन किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि जिन किसानों के धान विक्रय के साथ लिंकिंग में ऋण राशि समायोजित की गयी है, ऐसे सभी किसानों की राशि उनके बैंक खाते में वापस कर दी गयी है। 

उन्हांेने कहा कि उन्हें अन्नदाता किसानों का भरपूर आशीर्वाद मिला है और उनकी सरकार किसानों की बेहतरी के लिए वचनबद्व है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं की मांग पर पटेलपारा फरसपाल में हैण्डपंप स्थापना की मंजूरी दी तथा जल्द से जल्द हैण्डपंप स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर आबकारी एवं उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा और पूर्व विधायक श्रीमती देवती कर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *