कांग्रेस के शांति मार्च पर शिवराज सिंह चौहान ने बोला हमला

चंडीगढ़/भोपाल। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में शिवराज सिंह चौहान ने चंडीगढ़ में मीडिया को संबोधित किया। मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री द्वारा नागरिकता संशोधन कानून को अपने-अपने राज्यों में लागू नहीं करने पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रियों को कानून की जानकारी नहीं है। नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस देश में भ्रम फैला रही है।

इस्तीफा दें कमलनाथ
शिवराज सिंह चौहान ने कहा- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज भोपाल में शांति मार्च निकाला है। मैं पूछना चाहता हूं कि भारत की संसद द्वारा बनाए गए एक कानून के खिलाफ संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शांति मार्च निकालने का हक़ है? कमलनाथ पहले इस्तीफा दें और फिर शांति मार्च निकालें। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पर भी हमला बोला।

देशभर में सभाएं कर रही है भाजपा
नागरिकता संशोधन कानून की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा देशभर में जनसभाएं और रैली कर रही है। इसी कड़ी में पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे थे। यहां उन्होंने लोगों को नागरिकता कानून के बारे में जानकारी दी।

कांग्रेस ने निकाला था शांति मार्च
बता दें कि मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ के नेतृत्व में राजधानी भोपाल में आज शांति मार्च निकाला गया है। शांति मार्च निकालकर कांग्रेस ने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध किया है। इस दौरान सीएम कमल नाथ ने कहा- आज सवाल यह नहीं है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री क्या कह रहे हैं। वे अलग-अलग बातें कह रहे हैं। सवाल यह नहीं है कि कानून में क्या शामिल है, सवाल उस पर है जो इसमें शामिल नहीं है। सवाल इसके उपयोग का नहीं बल्कि इसके दुरुपयोग के बारे में है। सरल शब्दों में कहा जाए तो कमलनाथ ने यह बताया है कि कांग्रेस CAA का विरोध इसलिए कर रही है कि इस कानून में एक समुदाय को शामिल नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *