उमा भारती ने साध्वी प्रज्ञा को बताया महान संत

भोपाल
मध्यप्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उमा भारती शनिवार को खजुराहो सीट से भाजपा प्रत्याशी वीडी शर्मा के समर्थन में प्रचार करने कटनी पहुंचीं थीं। यहां मीडिया से बात करते हुए उमा भारती ने कहा- साध्वी प्रज्ञा ठाकुर महान संत हैं, मैं उनके मुकाबले मैं बहुत साधारण इंसान हूं। मीडिया ने उमा भारती से सवाल किया था कि क्या साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर मध्यप्रदेश में उनकी जगह ले रहीं थी। इसके जवाब में उमा ने खुद को 'मूर्ख प्राणी' बताते हुए कहा कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर एक महान संत हैं उनसे मेरी तुला ना करें।

साध्वी ने की थी उमा की तारीफ
भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने उमा भारती की तरीफ करते हुए कहा था कि उमा भारती मेरी बड़ी बहन हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह पर हमला करते हुए कहा था- 16 साल पहले दिग्विजय को उमा दीदी ने हराया था अब 16 साल बाद एक बार फिर से एक संन्यासी मैदान में है। बता दें कि उमा भारती ने भी साध्वी प्रज्ञा को भोपाल से भाजपा की टिकट मिलने पर बधाई दी थी।

खजुराहो में बाहरी कोई मुद्दा नहीं
उमा भारती शनिवार को खजुराहो संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार बीडी शर्मा के प्रचार के लिए खजुराहो पहुंचीं थी। खजुराहो में बाहरी उम्मीदवार को लेकर उठ रहे विरोध पर उमा भारती ने कहा- मैं बाहरी होने के मुद्दे को बहुत तवज्जो नहीं देती हूं। उमा ने कहा कि बीडी शर्मा प्रदेश संगठन महामंत्री रहे हैं। वह प्रदेश के बड़े नेता हैं। मैं खुद उत्तर प्रदेश की झांसी से चुनाव लड़कर जीत दर्ज कर चुकी हूं। इसलिए खजुराहो संसदीय सीट पर बाहरी होने का कोई मुद्दा भाजपा और बीडी शर्मा के लिए कोई चुनौती नहीं है।

दिग्विजय के खिलाफ भी करेंगी प्रचार
कांग्रेस ने जब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था तब उमा भारती ने ट्वीट करते हुए कहा था कि वह भोपाल से चुनाव तो नहीं लड़ेंगी लेकिन भाजपा जिसे भी भोपाल लोकसभा से टिकट देगी उसके समर्थन में चुनाव प्रचार जरूर करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि 16 साल बाद जनता को दिग्विजय सिंह से बदला लेने का मौका मिल गया है।

उमा की एमपी में वापसी!
उमा भारती ने इस बार लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार किया था। उमा के इंकार के बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उमा भारती एक बार फिर से मध्यप्रदेश की सियासत में सक्रिय हो गईं हैं। बता दें कि 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में ही भाजपा ने मध्यप्रदेश की सत्ता में वापसी की थी। जिसके बाद लगातार तीन पंचवर्षीय भाजपा की सरकार रही। 2108 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता मिली। लेकिन इस चुनाव में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *