असम: 4 साल की कोरोना संदिग्ध बच्ची की रिपोर्ट आई निगेटिव, राज्य में अब तक कोई पॉजिटिव केस नहीं

 नई दिल्ली                                                                                                                                      
असम की चार साल की कोरोना वायरस संदिग्ध बच्ची की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। राज्य में अब तक कोई भी कोरोना पॉजिटिव मामला नहीं मिला है। इससे पहले शनिवार को असम के जोरहाट में लड़की जांच नतीजे में संक्रमित पाई गई है।

असम के मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा, 'जिस 4 साल की बच्ची के कोरोना संदिग्ध होने का शक था, उसकी रिपोर्ट का परीक्षण जोरहाट मेडिकल कॉलेज और रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर, डिब्रूगढ़ में किया गया। रिपोर्ट नेगेटिव आई है। असम में अभी तक कोई भी कोविड-19 पॉजिटिव केस नहीं है।'

बता दें कि उपायुक्त रोशनी अपारांजी कोराती ने कहा था कि जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई जांच के शनिवार शाम को आए नतीजे में लड़की संक्रमित पाई गई। उन्होंने कहा था कि हमने नमूनों को दोबारा जांच के लिए डिब्रूगढ़ जिले में लाहोवाल की आईसीएमआर-आरएमआरसी प्रयोगशाला में भेजा है।
 
उपायुक्त ने बताया कि लड़की और उसका परिवार जिले के पुलिबोर इलाके में रहता है और हाल ही में इन लोगों ने बिहार से जोरहाट आने के लिए रेल यात्रा की थी। उन्होंने बताया कि परिवार 19 मार्च को जोरहाट आया था और 20 मार्च को स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने दौरे के दौरान लड़की में लक्षण देखे और उसे अस्पताल लाया गया।

देश में अब तक 315 पॉजिटिव केस
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 60 से अधिक नए मामले सामने आने के साथ शनिवार को यह संख्या बढ़ कर 315 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को देर रात कहा, '21 मार्च को देश में अबतक सत्यापित मामलों की कुल संख्या 315 हो गयी है जिनमें विदेश नागरिक भी हैं।' भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने एक बयान में कहा कि 21 मार्च शाम छह बजे को सार्स को वी 2 को लेकर 16021 व्यक्तियों के कुल 16911 नमूनों का परीक्षण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *