अखिलेश यादव का दावा- काम रोको बीमारी से ग्रसित है BJP
मैनपुरी
समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को काम रोको बीमारी से ग्रसित बताते हुए दावा किया कि गरीब,किसान और नौजवानों के हितों की रक्षा केवल गठबंधन कर सकता है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बस दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल लेने इटावा के सैफई मेडिकल कालेज पहुंचे यादव ने कहा कि अगर ये अस्पताल न होता तो घायलों को झांसी, ग्वालियर, आगरा, दिल्ली जाना पड़ता। ये जनता बताएगी कि ये गठबंधन गरीबों की सेवा वाला है या जो भारतीय जनता पार्टी कह रही है, वह है।
उन्होंने कहा कि ये राजनीति वक्त नहीं है, फिर भी कहता हूं। गांव में जानवरों को गलाघोंटू बीमारी हो जाती है। उसी तरह से भारतीय जनता पार्टी को काम रोको बीमारी है। कहीं काम चल रहा है वो रोक देंगे। गरीबों को पेंशन नहीं मिल रही है। पुलिस का 100 नम्बर बर्बाद कर दिया। अस्पताल भी बर्बाद करना चाहते हैं। भाजपा कोई काम नहीं कर रही है। इस सरकार ने देश बर्बाद कर दिया है। ऐसी बर्बाद करने वाली पार्टी को जनता हराएगी। इससे पहले यादव ने घायलों का हालचाल लिया और डाक्टरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि रविवार तड़के आगरा-लखऊ एक्सप्रेस वे पर मैनपुरी में करहल में दिल्ली से वाराणसी जा रही बस कंझरा गांव के पास ट्रक से टकरा गई। जिस समय यह घटना हुई, अधिकांश यात्री सो रहे थे। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 यात्री घायल हो गए। घायलों को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर है।