सांसद प्रतिनिधि नियुक्त: रोहित पोफली निगम, अलकेश लांबा जनजातीय और दिनेशकांत मालवीय जनपद की संभालेंगे जिम्मेदारी
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले के विकास कार्यों में गति लाने और प्रशासनिक विभागों में जनता की समस्याओं का प्रभावी ढंग से निराकरण करने के उद्देश्य से अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है। सांसद के रूप में दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के पश्चात यह पहला अवसर है, जब श्री साहू ने एक साथ इतने महत्वपूर्ण विभागों में अपने प्रतिनिधियों को मनोनीत किया है।
सांसद कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, शहर के विकास और नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के समन्वय के लिए रोहित पोफली को नगर निगम छिंदवाड़ा में सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। वहीं, आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र की योजनाओं और जनजातीय कल्याण के कार्यों की निगरानी के लिए अलकेश लांबा को जनजातीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले की महत्वाकांक्षी छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्पलेक्स परियोजना (संगम-2) के लिए जिला पंचायत सदस्य अरुण परते को प्रतिनिधि बनाया गया है।
इन नियुक्तियों के साथ ही सांसद ने त्रि-स्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में भी समन्वय मजबूत किया है। जिला पंचायत छिंदवाड़ा के लिए संतोष पटेल और जनपद पंचायत के लिए दिनेशकांत मालवीय को प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। इससे पूर्व केवल रेलवे विभाग में सत्येंद्र ठाकुर ही सांसद प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत थे।
सांसद बंटी विवेक साहू का यह कदम प्रशासनिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। इन प्रतिनिधियों की नियुक्ति से न केवल विभागों की बैठकों में सांसद की उपस्थिति सुनिश्चित होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास की फाइलों को भी गति मिलेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग जैसे अन्य प्रमुख विभागों में भी इसी तरह की नियुक्तियाँ की जा सकती हैं।
