उमरेठ में तेज आंधी और ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश, जल संकट दूर होने की उम्मीद: फिलहाल डैम का जलस्तर जस का तस

छिंदवाड़ा में शुक्रवार दोपहर एक घंटे से अधिक हुई बारिश ने लोगों को बेमौसम गर्मी से राहत दी। उमरेठ क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के साथ आधा से पौन घंटे तक मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिसे इस सीजन की सबसे तेज बारिश माना जा रहा है।

हालांकि, समुचित जल निकासी न होने के कारण शहर के निचले इलाकों जैसे छोटा तालाब और गुलाबरा में सड़कों से लेकर घरों व दुकानों में गंदा पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

पेयजल आपूर्ति के लिहाज से उमरेठ की यह बारिश बेहद अहम है। नगर निगम अधिकारी के अनुसार, कन्हारगांव बांध का जल स्तर फिलहाल 707 मीटर है और उसमें केवल 1 मीटर लाइव स्टोरेज बचा है। इसी कारण शहर में नियमित 27 MLD के बजाय एक दिन छोड़कर 16 MLD पानी दिया जा रहा है। वर्ष भर की 8 MCM मांग पूरी करने के लिए बांध को 711 मीटर तक भरने हेतु 4 मीटर और पानी की दरकार है। कल सुबह तक डैम का जलस्तर बढ़ सकता है। तस्वीरें उमरेठ के बस स्टैंड क्षेत्र की है।