कांग्रेस ने पहले देश को बर्बाद किया और अब प्रदेश के बर्बाद करने पर उतारू: शिवराज
भोपाल
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कमलनाथ प्रदेश में सरकार बनने के बाद जनता के साथ वादाखिलाफी कर रहे हैं। राहुल गांधी और कमलनाथ में झूठ बोलने की होड़ चल रही है। सब दो-दो लाख के चक्कर में पड़ गए लेकिन अब किसी चक्कर में मत आना। कांग्रेस हमेशा ही जनता के साथ छलावा करती रही है।
शिवराज ने ये बातें विदिशा संसदीय क्षेत्र के सिलवानी के बम्होरी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। विधायक रामपाल सिंह की मौजूदगी में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज ने कहा कि बिजली नहीं दे पाने पर कमलनाथ सरकार आरोप लगा रही है कि भाजपा षड़यंत्र कर रही है। हम कमलनाथ को चैलेंज करते हैं कि अगर सरकार नहीं चला पा रहे तो सत्ता से हट जाएं। हर सरकार चलाकर दिखाएंगे। कांग्रेस ने पहले देश को बर्बाद किया और अब प्रदेश के बर्बाद करने पर उतारू है। उन्होंने इस दौरान भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार के कामों की सराहना की।