500 से ज्यादा चमगादड़ मरे मिले

गोरखपुर
उत्तर प्रदेश (Uttar pradesh) के गोरखपुर (Gorakhpur) में मंगलवार को एक अजीब घटना हुई। यहां दो स्‍थानों पर रहस्यमयी तरीके से 500 से ज्यादा चमगादड़ मरे मिले। कई जमीन पर तड़प रहे थे तो कई लोगों की आंखों के सामने ही जमीन पर गिर रहे थे। लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है।

मामला खजनी रेंज के बेलघाट गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां ध्रुव नारायाण शाही के आम के बाग में कुछ लोगों को दूर से जमीन पर कुछ काले रंग की बिखरी चीज नजर आई। पास पहुंचने पर लोगों ने देखा कि दूर-दूर तक चमगादड़ों के शव (Bats death) पड़े हैं। कुछ उनकी आंखों के सामने ही जमीन पर आकर गिर रहे थे तो कुछ जमीन पर पड़े तड़प रहे थे। भी बेलघाट का मामला दबा भी नही था कि पड़ोस के गोला इलाके के गोपलापुर से चमगादड़ों के मरने की खबर आ गई। वहां पर यूकेलिप्टस के पेड़ों पर रह रहे करीब 250 चमगादड़ मरे मिले। हालांकि वहां पर दो दिनों से यह सिलसिला चल रहा है। बेलघाट की घटना के बाद इसे नोटिस में लिया गया। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ ओपी श्रीवास्तव मरने की वजह भीषण गर्मी और पानी की कमी बता रहे हैं।

मौके पर जमा हुई भीड़
लोगों ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। इधर सूचना फैलते ही मौके पर दर्जनों लोग जमा हो गए। लोगों ने बताया कि कई चमगादड़ इतने बड़े थे कि उन लोगों ने कभी इतने बड़े चमगादड़ नहीं देखे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की भीड़ को हटाया। खजनी रेंजर देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।

लोगों में वायरस का खौफ
इधर चमगादड़ों की मौत के बाद लोगों में दहशत हो गई है। कई लोग घरों में कैद हो गए हैं। लोगों ने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं किसी वायरस (Virus) के कारण तो चमगादड़ों की मौत नहीं हुई। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि चमगादड़ों के मरने के बाद कहीं कोई वायरस न फैल जाए। कुछ लोगों का कहना है कि किसी अनजान वायरस से चमगादड़ों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *