48 घंटे में 10 डिग्री गिरा पारा, कई हिस्सों में शीतलहर

रायपुर
मौसम में हो रहे बदलाव से ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। इसने समूचे प्रदेश को गिरफ्त में ले लिया है। रायपुर से लेकर पेंड्रा, अंबिकापुर, दुर्ग तक तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों की मानें तो बीते 48 घंटे में प्रदेश के सभी शहरों का औसत तापमान 10 डिग्री तक गिरा है।

इससे ठंड का अंदाजा लगाया जा सकता है। अंबिकापुर और पेंड्रा तो एक बार फिर तापमान सात डिग्री के नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर के कई क्षेत्रों में शीत लहर चली, सोमवार को भी हालात ऐसे ही रहेंगे। सिर्फ मैदानी क्षेत्रों रायपुर, बिलासपुर में ही तापमान चढ़ सकता है।

ऊपरी हवा के चक्रवात के गुजरने के बाद ठंड के लौटने का पूर्वानुमान था, जो सही साबित हुआ। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक चक्रवात गुजरा तो उत्तर से हवाओं के आने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया।

हवाओं की दिशा उत्तरी हो गई है। एक मौसम खत्म होता है और दूसरा शुरू होता है तो ऐसी उथल-पुथल होती ही है। बता दें कि एक बार फिर शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 14 डिग्री का अंतर आ गया है। दिन में गर्मी, रात में सर्दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *