हम के महाचंद्र सिंह और कांग्रेस प्रवक्ता विनोद शर्मा ने थामा BJP का दामन

 
 पटना

 लोकसभा चुनाव शुरू होने के बाद भी दल बदलने का सिलसिला जारी है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महाचंद्र प्रसाद सिंह और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद शर्मा शनिवार को अपने-अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

बिहार भाजपा के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे की मौजूदगी में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पूर्व मंत्री महाचंद्र सिंह तथा कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता विनोद शर्मा ने पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। इसके बाद महाचंद्र सिंह और विनोद शर्मा के साथ ही भाजपा में शामिल हुए अन्य नेताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई गई।

इस मौके पर महाचंद्र सिंह ने कहा कि वह वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव हम की टिकट पर महाराजगंज सीट से लड़ना चाहते थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भरोसा भी दिलाया था कि महाराजगंज सीट से पार्टी की ओर से उन्हें उम्मीदवार बनाया जाएगा लेकिन, उन्हें उम्मीदवार न बनाकर धोखा दिया गया है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के तहत सीट बंटवारे के दौरान महाराजगंज लोकसभा सीट बिहार महागठबंधन के घटक दल राजद के खाते में गई। राजद ने महाराजगंज सीट से रंधीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *