सीबीएसई परीक्षा 2019: कंप्यूटर साइंस के पेपर में होंगे पाइथन लेंग्वेज के सवाल
नई दिल्ली।
सीबीएसई बोर्ड 12वीं कक्षा के कंप्यूटर साइंस विषय के प्रश्न पत्र में 2019 शैक्षिक सत्र से पाइथन लेंग्वेज भी जोड़ी जाएगी। बोर्ड ने अपने ताजा नोटिफिकेशन में कहा कि पाइथन से जुड़े सवाल अभी ऑप्शन के तौर पर रखे जाएंगे क्योंकि 2017-19 सत्र के दौरान इस भाषा को कुछ ही स्कूलों में पढ़ाया गया है। इस बार छात्रों को या तो पाइथन या सी++ लेंग्वेज पर सवालों के जवाब देने होंगे। इस बार 12वीं कंप्यूटर साइंस विषय की परीक्षा 28 मार्च को आयोजित की जाएगा।
cbse.nic.in पर जारी किए गए सर्कुलर में कहा गया है कि 2019 में 12वीं की परीक्षा में कंप्यूटर साइंस की परीक्षा दे रहे छात्रों को सक्षम करने के लिए सीबीएसई ने 2018 के आधार पर कंप्यूटर साइंस के प्रश्नपत्र में सी++ और पाइथन भाषा को जोड़ा है। छात्रों को किसी एक विकल्प को चुन कर उसके जवाब देने होंगे।
बता दें कि सीबीएसई 12 वीं क्लास की परीक्षा 15 फरवरी 2019 से 3 अप्रैल 2019 तक आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा सुबह 10.30 am से 1:30 pm तक होगी।