सिविल हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने एक शख्स के पेट से निकालीं लोहे की 452 चीजें

अहमदाबाद
गुजरात के अहमदाबाद स्थित सिविल हॉस्पिटल से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स को पेट दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसका एक्स-रे किया गया। जांच की रिपोर्ट से पता चला कि शख्स के पेट में लोहे की कई चीजें मौजूद हैं। डॉक्टर भी शख्स की जांच रिपोर्ट देखकर हैरान रह गए। डॉक्टर कल्पेश ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार रात शख्स का ऑपरेशन किया, जिसमें एक-एक कर 452 लोहे की चीजें निकाली गईं।

सिविल हॉस्पिटल में सर्जरी विभाग के हेड डॉक्टर जीएच राठौड़ से एनबीटी ऑनलाइन ने बात की। उन्होंने बताया कि 28 वर्षीय शख्स मानसिक रूप से अस्थिर है। उसे दिल्ली दरवाजा स्थित मेंटल हॉस्पिटल से सिविल अस्पताल के लिए रिफर किया गया था। उसका ऑपरेशन हो चुका है। फिलहाल वह आईसीयू में है और उसकी हालत स्थिर है। इस पेशेंट की सर्जरी डॉ. कल्पेश के नेृतत्व में हुई।'

'सर्जरी के दौरान पेट में मिले सिक्के, हेयरपिन और…'
डॉ. कल्पेश परमार से भी एनबीटी ऑनलाइन ने इस पूरे केस में बातचीत की। उन्होंने बताया, '8 अगस्त को मानसिक रूप से अस्थिर शख्स को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उसके पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद हमने जांच कराई। जांच की रिपोर्ट में उसके पेट में मेटल की कई चीजें होने के बारे में पता चला। शुक्रवार को शाम 7 बजे मैंने, डॉ. वशिष्ठ झाजल, डॉ. निसर्ग शाह, डॉ. आकाश पटेल के साथ उसकी सर्जरी की। यह सर्जरी ढाई घंटे तक चली। इस दौरान मरीज के पेट से नेल कटर, हेयर पिन, सिक्के, लोहे की कीलें, बोल्ट समेत ढेरों चीजें मिलीं।'

'पेट से निकाला गया 3.5 किलोग्राम लोहा'
सिविल हॉस्पिटल में डॉ. कल्पेश ने कहा, 'मरीज के पेट से कुल 452 चीजें निकाली गईं। इनका कुल वजन तकरीबन साढ़े तीन किलोग्राम था। हम सभी यह देखकर वाकई हैरान थे। बाकी अब मरीज की हालत स्थिर है।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *