सिंधिया को कांग्रेस अध्‍यक्ष बनाने की मांग

भोपाल
राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन हो इसे लेकर विधानसभा का पावस सत्र शुरू होते ही प्रदेश कांग्रेस की सियासत गर्मा गई है। नाथ कैबिनेट के कुछ मंत्रियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को राष्टÑीय अध्यक्ष बनाने की मांग उठाई है। वहीं कमलनाथ खेमे के एक कद्दावर मंत्री ने प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है। गौरतलब है कि अब तक सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल माना जा रहा था। अब वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं।

 विधानसभा परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए तुलसी सिलावट ने कहा कि सिंधिया को जो भी जिम्मेदारी मिली है  उसे उन्होंने बखूबी निभाया है। कांग्रेस हाईकमान आगे भी उन्हें कोई जिम्मेदारी देते हैं तो वे पूरी तरह से निर्वाहन करेंगे। वहीं सिसौदिया ने कहा कि सिंधिया युवा, अनुभवी हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ है। युवा होने के नाते उन्हें कमान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि या तो राहुल गांधी अध्यक्ष बने रहे या फिर सिंधिया को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहिए। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी सिंधिया को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की वकालत की है।

वहीं कमलनाथ समर्थक मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाएं गाांधी परिवार से जुड़ी हुई है। कांग्रेस का राष्टÑीय अध्यक्ष प्रियंका गांधी को बनाना चाहिए। उनमें नेतृत्व करने की क्षमता है। वहीं उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के लिए बाला बच्चन का नाम आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बच्चन को गृह मंत्री रहते हुए प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहिए। इससे हम सब को संरक्षण मिलेगा। वहीं कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा या पार्टी पार्टी तय करेगी।

उधर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर सिंधिया को कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग वाले बैनर लगाए गए हैं। सिंधिया को फिलहाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल माना जा रहा था, लेकिन अब वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल हैं। बैनर में राहुल गांधी से अपील की गई है कि सिंधिया को उनकी कार्यशैली के अनुरूप राष्टÑीय नेतृत्व दिया जाएगा। बैनर में यह अपील मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समस्त कार्यकर्ताओं की ओर से बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *