साल के अंतिम दिन ठंड का सितम जारी, सर्द हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें

दिल्ली 
पहाड़ों की बर्फबारी उत्तर भारत में ठंड बरपा रही है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को कड़ाके की ठंड रही। सर्द हवाओं ने लोगों को अंदर तक कंपकंपा दिया। सर्दी का सितम इतना रहा कि न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम, 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आद्र्रता का स्तर 100 फीसदी दर्ज किया गया। दिन में आसमान साफ रहने और मंगलवार की सुबह हल्का कोहरा छाये रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। अधिकारी के अनुसार आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 
 
वहीं रविवार को देहरादून का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था। जम्मू-कश्मीर के कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 14.2 तो लेह में माइनस 10 डिग्री दर्ज किया गया। पहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 7.7 तो श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 रहा। शीत लहर की वजह से डल झील, जलाशय समेत कुछ रिहायशी इलाकों में जल आपूर्ति के पाइपों में पानी जम गया, आने वाले दिनों में पारा के और नीचे गिरने की आशंका है। 
 
मौसम विभाग के अनुसार एनसीआर में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल से हवाएं आ रही हैं। यह बादल के आवरण में कमी तापमान में गिरावट का कारण बन रही हैं। पिछले 12 दिनों से दिल्ली में तापमान लगातार सामान्य से नीचे चल रहा है। जबकि, 29 तारीख को इस सीजन का सबसे कम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह पिछले चार सालों का रिकॉर्ड है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *