मध्यप्रदेश में ठंड के कारण 2 की मौत, शीतलहर की चपेट में 25 शहर

भोपाल
 मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड अब जानलेवा हो गई है। ठंड के कारण मध्य प्रदेश के खरगोन और अशोक नगर जिले में दो लोगों की मौत हो गई है। दूसरी तरफ मध्यप्रदेश के करीब 25 जिले शीतलहर की चपेट में हैं। वहीं, शनिवार रात पचमढ़ी का तापमान माइनस दो डिग्री रिकॉर्ड हुआ था।

नहीं हो पाई शिनाख्त
खरगोन और अशोकनगर जिले में जिन दो लोगों की मौत हुई है अभी तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, खरगौन जिले के कसरावद बस स्टैंड के खुले परिसर में रविवार सुबह 60 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव लावारिस हालत में मिला बताया जा रहा है कि बुजुर्ग भीख मांगकर गुजारा करता था।

लोगों की परेशानियां बढ़ी
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उत्तर से आ रहीं बर्फीली हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश के 25 से ज्यादा शहर शीतलहर की चपेट में हैं। वहीं, कई शहरों को तापमान रात में चार डिग्री के नीचे पहुंच गया है। शनिवार को कान्हा 0 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। जबकि बैतूल, पचमढ़ी, अमरकंटक और बांधवगढ़ में रात का तापमान करीब 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मध्यप्रदेश में मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में औऱ गिरावट होगी जिस कारण ठंड और अधिक बढ़ेगी।

बीना में भी कड़ाके की ठंड
बीना में भी दो दिनों से कड़ाके की ठंड से शहर कंपकंपा उठा है। शुक्रवार की रात पड़ी कड़ाके की ठंड के कारण फसलों पर बर्फ जम गया, जिससे फसलों को तुषार लग गया है। तेज ठंड के कारण अब किसानों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार की रात तापमान दस के नीचे जा रहा है, जिससे अब बर्फ जमने लगी है। शनिवार की सुबह फसलों पर बर्फ की चादर फैली थी। साथ ही खेतों में रखे पानी से भरे बर्तनों में ऊपर बर्फ की परत जम गई थी। बर्फ जमने से सब्जियों की फसल सहित फूल, फलियां वाली फसलों को नुकसान हुआ है। सब्जी की फसल सूखने लगी है। किसानों ने बताया कि तुषार का असर दो दिन में फसलों पर दिखने लगेगा। यदि इसी प्रकार ठंड बढ़ती रही तो फसलों को भारी नुकसान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *