साध्वी प्रज्ञा ने प्रचार के अंतिम दिन कहा कि भोपाल उनका पहले से जाना पहचाना शहर

भोपाल
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा है कि टिकट मिलने के बाद से अब तक उन्होंने पूरा भोपाल लोकसभा क्षेत्र नाप लिया है। वे सभी जगह पहुंची हैं और जहां वे नहीं जा सकी हैं, वहां पार्टी का कार्यकर्ता पहुंचा है। साध्वी ने कहा कि भोपाल उनका पहले से जाना पहचाना शहर है। इसलिए प्रचार प्रसार में किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी उनके लिए कोई चुनौती नहीं हैं। प्रचार के अंतिम दिन जनसंपर्क की शुरुआत प्रज्ञा ने नरेला विधानसभा में मोटरसाइकिल रोड शो के साथ की। इसके लिए विधायक विश्वास सारंग उनके साथ रहे। 

प्रज्ञा के निवास पर आज सीहोर श्यामपुर मंडल के कांग्रेस के अध्यक्ष राजू चौधरी अपने क्षेत्र के करीब दो दर्जन नेताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए। प्रज्ञा ने तिलक लगाकर और श्रीफल भेंटकर उनका पार्टी में स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा मौजूद रहे।  

साध्वी प्रज्ञा ने प्रचार के अंतिम दिन माता मंदिर चौराहे के पास, वल्लभ भवन पार्क, भाजपा चुनाव कार्यालय में जनसंपर्क किया। नरेला के बाद उनका मोटरसाइकिल जनसंपर्क हुजूर तहसील के बैरागढ़ बस स्टैंड, विजय नगर, गांधी नगर में हुआ। शाम को श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान के दर्शन के साथ प्रचार रोकेंगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *