साध्वी प्रज्ञा के नाथूराम गोड़से वाले बयान पर अनुशासन समिति ने झाड़ पल्ला 

भोपाल 
लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा नाथूराम गोड़से को देशभक्त बताते वाले बयान पर भाजपा की राष्ट्रीय अनुशासन समिति ने पल्ला झाड़ लिया है। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस मामले में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब रामलाल तय करेंगे की गोड़से वाले बयान पर आगे क्या करना है। 

साध्वी प्रज्ञा ने चुनाव प्रचार के दौरान 16 मई को बयान दिया था। जिसमें उन्होंने गोड़से को देश भक्त बताया था। इस बयान के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि साध्वी के बयान का मामला अनुशासन समिति को भेजा जाएगा। इस मामले में साध्वी प्रज्ञा से दस दिन के अंदर स्पष्टीकरण लिया जाएगा और आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साध्वी के बयान को दस दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन अब यह मामला ठंडे बस्ते में जाता हुआ दिखाई दे रहा है। अनुशासन समिति ने भी इस मामले से पल्ला झाड़ लिया है। उन्हें इस मामले में क्या किया जा रहा है इसकी तक जानकारी नहीं है। 

भाजपा की राष्ट्रीय अनुशासन समिति के सदस्य सत्यदेव सिंह ने बताया कि यह मामला उनके पास नहीं आया है। उन्होंने बताया कि इस मामले को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल देख रहे हैं। वहीं समिति की एक और अन्य सदस्य बिजोया चक्रवर्ती ने भी कहा कि वे इस मामले को नहीं देख रही है। 

साध्वी ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि ‘नाथूराम गोड़से देश भक्त थे…देशभक्म हैं और देशभक्त रहेंगे’। हालांकि इस बयान के बाद भाजपा का रूख देख साध्वी प्रज्ञा सिंह ने अपने बयान पर माफी मांग ली थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *