समिति में कुछ भी गड़बड़ी होने पर नोडल अधिकारी होंगे जिम्मेदारः- निहारिका बारिक

बिलासपुर
जिले के प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने आज जिले में  धान खरीदी के जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी अपने कार्य को गंभीरता से करें। समितियों का सतत् निरीक्षण करें और नियमानुसार धान खरीदी हो रही है, यह सुनिश्चित करें। समिति में कुछ भी गड़बड़ी होने पर उनकी जिम्मेदारी होगी।

मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रभारी सचिव ने जिले में अब तक हुई धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, खरीदी केन्द्रों में मापदण्ड के अनुरूप धान की स्टेकिंग आदि की समीक्षा की। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में 1 लाख 8 हजार 312 किसान पंजीकृत हैं, जिनके 1 लाख 48 हजार 599 हेक्टेयर रकबे की धान खरीदी की जायेगी। जिले में 4 लाख 66 हजार 840 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। लक्ष्य के अनुरूप अब तक 58 प्रतिशत खरीदी की जा चुकी है। नागरिक आपूर्ति निगम में 2 लाख 22 हजार 569 मीट्रिक टन चावल जमा करने का लक्ष्य है। कुल खरीदी का 47 प्रतिशत उठाव मिलर्स द्वारा कर लिया गया है। जिले में 112 मिलर्स पंजीकृत किये गये हैं, जिनमें 108 मिलर्स से अनुबंध कर लिया गया है। एफसीआई द्वारा आगामी सोमवार से चावल लेने का कार्य शुरू किया जायेगा।
कलेक्टर डॉ.संजय अलंग ने बताया कि सभी धान उपार्जन केन्द्रों से सीधे मिलर्स द्वारा धान उठाव किया जा सके, इसका प्रयास किया जा रहा है। मोटा व पतला धान का उचित अनुपात में उठाव हो सके, यह व्यवस्था की गई है। सभी खरीदी केन्द्रों मंे धान को बारिश से बचाने के लिये केप कव्हर की व्यवस्था की गई है। धान की मॉनिटरिंग और भौतिक सत्यापन का कार्य नोडल अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। नोडल अधिकारी के साथ विभिन्न विभागों के इंजीनियरों की ड्यूटी लगाई गई है। समिति स्तर पर भी कृषि विस्तार अधिकारियों को नोडल नियुक्त किया गया है।

प्रभारी सचिव ने सभी नोडल अधिकारियों से पूछा कि उन्होंने निरीक्षण में क्या देखा है और कोई कमी हो तो इसकी जानकारी दें। उन्होंने खरीदी केन्द्रों में भौतिक सत्यापन की भी विस्तृत जानकारी ली। खरीदी केन्द्रों में माईश्चर मीटर ठीक से काम कर रहा है कि नहीं यह भी देखने कहा। नये व पुराने बारदानों को अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिये। उन्हांेने कहा कि नोडल अधिकारी को पता रहे कि उनके केन्द्र में किसानों के रकबे के अनुसार कितनी खरीदी होनी है। ज्यादा खरीदी हो रहा है तो तत्काल जानकारी दें।

प्र्रभारी सचिव ने धान विक्रय के पश्चात किसानों के खाते में पैसा जा रहा है कि नहीं, यह भी देखने कहा। डाटा अपलोड होने में विलंब के कारण किसानों को पैसा देरी से मिल रहा है तो उसका निराकरण करें। किसानों को दिये जा रहे टोकन का रेण्डम रूप से सत्यापन किया जाये। मिलर्स के मिलों में भी जांच होती रहे। अवैध धान के आवक को रोकने के लिये बनाये गये बैरियर के बारे में जानकारी ली और कहा कि धान के अवैध भंडारण करने वाले संदेही लोगों के घरों के आसपास भी नजर रखें। सभी नाकों में चौकन्ने रहने का निर्देश पुलिस विभाग को दिया।

बैठक में संभागायुक्त श्री बी.एल.बंजारे, पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रितेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त कलेक्टर श्री बी.एस.उईके, श्री बी.सी.साहू, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सभी जिला स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *