सपा-बसपा ने लोहिया और अंबेडकर के सपने को किया साकार: अखिलेश

सुलतानपुर
 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा ने गठबंधन कर दलित और पिछड़ों के मसीहा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और समाजवाद के जनक डॉ. राममनोहर लोहिया के सपने को साकार किया है।

गठबंधन के प्रत्याशी चंद्र भद्र सिंह के समर्थन में सुलतानपुर जिले के चांदपुर सैदोपट्टी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि कोई नहीं जानता था कि चुनाव में गठबंधन होंगे। जो सपना भीमराव अंबेडकर और लोहिया जी ने देखा था वह साकार हो गया। लोकतंत्र को बचाने के लिए सपा-बसपा का गठबंधन हुआ है, जिसके कारण हम हर चरण में चुनाव जीत रहे हैं। सोमवार को होने वाला मतदान इसी कड़ी का एक हिस्सा साबित होगा। गठबंधन को सांप छछूंदर कहने वाले कह रहे हैं कि संविधान न होता तो भैंस चराते होते, ऐसी घटिया सोच रखने वाले लोगों को जनता जड़ से उखाड़ फेंकेगी।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार हमें पिछड़ा बोलती है, हम पिछड़े हैं, तभी हमने 21 महीने में सड़क बनाई है। आप (योगी सरकार) 19 महीने में बना कर दिखा दो। अगर आप नहीं बना सकते तो हमसे भी पिछड़े हो। प्रदेश में कोई नई सड़क, कोई नया स्कूल, कोई एक्स्ट्रा मेगावाट बिजली घर नहीं बनाए गए फिर भी बाबा मुख्यमंत्री बढ़े बिल उपभोक्ताओं को भिजवा रहे हैं। मेरे कार्यकाल में कहीं पुल बना होगा, उसे इन्होंने रंगवा दिया और विकास हो गया। यह है इस सरकार का विकास। अभी सुलतानपुर से लखनऊ पहुंचने में डेढ़ घंटे लगता है। गठबंधन की सरकार आई और रोड बनेगी तो यह दूरी मात्र 45 मिनट में तय होगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने प्रदेश में इतनी अच्छी सड़कें बनवाई और उस पर सुखोई व मिराज उतार कर दिखाया है। एक्सप्रेस-वे इस सरकार के बस की बात नही है। देश के प्रधानमंत्री भी हमें कहते हैं टोंटी ले गए। यह टोंटी की बात करते हैं। हमारी सरकार बन गई तो हम चिलम निकलवाएंगे। देश में 180 डिग्री वाले पीएम हैं तो लखनऊ में 180 वाले चिलम हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *