10 साल बाद मिला ‘बेटा’, अपनों को ही लूटा

 
नई दिल्ली 

नांगलोई इलाके में दस साल पहले गुम हुआ बेटा। अब उसकी खबर मिली खुशखबरी के साथ कि वह बड़ा हो गया है। शादी भी कर ली है। खुशी के मारे परिवार की आंखों में आंसू आ गए। लेकिन ये खुशी के आंसू सदमे में बदल गए। क्योंकि उनके साथ जो हुआ उसे सुनकर पुलिस भी सकते में आ गई। बेटे ने नवेली दुल्हन को घर भेजा। मगर रातों रात सारा सामान समेट कर उड़न छू। बहू को फोन किया तो बताया कि पति या यानि आपके बेटे ने जहर खा लिया है। पुलिस ने परिवार के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस संदिग्ध बहू की फोटो लेकर उसको पकड़ने की कोशिश कर रही है। 
 
पुलिस के मुताबिक, परिवार नांगलाई इलाके में रहता है। पुलिस को बयान दिया कि 10 साल पहले उनका बेटा घर छोड़कर चला गया था। खूब तलाशा। लेकिन पता नहीं चला। अचानक एक महीने पहले उसका फोन आया। बताया कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर शहर में रह रहा है। उसने एक पूजा नाम की लड़की से शादी कर ली है। परिवार में कोई नहीं है। वह पूजा का फोटो भेज रहा है। 

उसके बाद बेटे के फोन करने के पांच छह दिन बाद अचानक पूजा नाम की लड़की का फोन आया। उसने बताया कि पूजा बोल रही हूं, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आ रही हूं, कोई उसे स्टेशन लेने आए। घर में बहू के आने की परिवार को खुशी थी। वॉट्सऐप पर मिले फोटो के आधार पर रेलवे स्टेशन पर पूजा को पहचान लिया। घर पर ले आए। घर आकर अचानक बेटे का फोन आया। उसने पूजा के घर आने की बात पूछी। कहा कि वह भी घर आ रहा है। पूजा एक दिन घर में रुकी। अगले दिन देखा तो पूजा घर पर नहीं थी। 

उसको काफी तलाशने की कोशिश की गई। अलमारी में रखे सोने चांदी के गहने और 30 हजार रुपये गायब थे। अभी वो अपने बेटे के फोन का इंतजार कर रहे थे। इतने में बेटे के फोन से पूजा ने उसके दोस्त आजाद को फोन कर बताया कि उसके पति ने जहर खा लिया है। आजाद ने छोटे भाई को फोन कर मामले की जानकारी दी। शिकायकर्ता का कहना है कि उनको नहीं पता कि पूजा और उनका बेटा कहां है। शादी की है या नहीं। लेकिन आवाज उनके बेटे जैसी थी। फिलहाल पुलिस पसोपेश में है। केस दर्ज कर लिया है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *