शिवराज सिंह ने संघ कार्यकर्ता के धोए पैर, ट्विटर यूजर्स ने कहा- काश! सारे नेता आपसे सीख पाते

भोपाल.
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान  का फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। शिवराज सिंह चौहान इस फोटो में जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता का पैर धो रहे हैं। उनके साथ भाजपा नेता सुनील देवधर  भी बैठे हैं। इस फोटो को शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल से भी शेयर किया है। शिवराज सिंह चौहान की इस फोटो पर ट्विटर यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट किए हैं।

 

क्या लिखा है शिवराज सिंह चौहान ने
शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर फोटो पोस्ट करते हुए लिखा- विजयवाड़ा में सदस्यता अभियान कार्यक्रम के दौरान जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीनिवास राव के घर पहुंचकर उनका पैर धोकर सम्मान किया। श्रीनिवास राव से भाजपा के राष्ट्र उत्थान के संकल्प भाजपा के सदस्यता अभियान में साथ आने और इसे सफल बनाने का आग्रह किया। साथ आएं, देश बनाएं।

शिवराज सिंह चौहान ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, श्रद्धेय श्रीनिवास राव सहित जनसंघ के अन्य कार्यकर्ताओं के चरण धोकर मैं खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। ये कार्यकर्ता उन महान विभूतियों में से एक हैं जिन्होंने राष्ट्रनिर्माण में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसे लोगों का मार्गदर्शन पाकर नई ऊर्जा मिली है।

लोगों ने दिए इस तरह के कमेंट
शिवराज सिंह चौहान के इस पोस्ट पर ट्विटर यूजर्स ने तरह तरह के कमेंट दिए हैं। एक ट्विटर यूजर ने लिखा- प्रधानमंत्री मोदी  जी द्वारा चलाये गये सद्स्यता अभियान में पूरे भारत में पार्टी के कार्यकर्ता भरपूर जोश के साथ काम कर रहे हैं। शिवराज सिंह के यहां करने से पार्टी ओर अधिक मजबूत होगी और छोटे कार्यकर्ता भी।

वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा- काश हमारे देश में सारे नेता शिवराज सिंह चौहान से कुछ सीख पाते। तो वहीं, एक यूजर ने लिखा- आज फिर व्यापमं नरेश का पावन एक्टरों की सूची में आपका नाम भी शामिल हो गया है। जरूरत पड़े तो ये पानी भी पी लेना अमर हो जाओगे वोट की फसल काटते काटते।

सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी शिवराज के पास
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के सदस्यता अभियान कार्यक्रम की जिम्मेदारी शिवराज सिंह चौहान को सौंपी है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद शिवराज सिंह चौहान को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था उसके बाद उन्हें सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भाजपा ने सदस्यता अभियान को संगठन महापर्व नाम दिया है और इस बार दो करोड़ से ज्यादा नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *