शिक्षक को छत से फेंकने वाले डीपीओ की गिरफ्तारी की मांग, पुतला फूंका

औरंगाबाद
बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (गोप गुट) ने सोमवार को शहर के रमेश चौक पर स्थापना डीपीओ मिथिलेश कुमार सिंह का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष डा. मधेश्वर सिंह कर रहे थे। संघ के सदस्य डीपीओ कार्यालय पर उपस्थित हुए और वहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए रमेश चौक पहुंचे और पुतला फूंका।

शिक्षक सुधीर कुमार सिंह के साथ सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में घटी घटना की उन्होंने निंदा की और कहा कि एक शिक्षक के साथ अधिकारी व कर्मी का यह व्यवहार बिल्कुल उचित नहीं है। शिक्षक को जान मारने की साजिश रची रची गई थी। डीपीओ को उन्होंने दबंग एवं राजनैतिक संरक्षण प्राप्त व्यक्ति करार देते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में वे तीन बार औरंगाबाद जिले में पदस्थापित हो चुके हैं। औरंगाबाद जिला उनके लिए चारागाह बन गया है। विद्यालय भवन व कस्तूरबा गांधी भवन निर्माण में उनके द्वारा करोड़ों रुपए की उगाही की गई है। स्थापना डीपीओ होते हुए भी वे इस कार्यालय में कभी नहीं बैठते है। सुविधा युक्त सर्व शिक्षा अभियान का कार्यालय में ही वे हमेशा दिखते हैं।

डीएम से शिक्षकों ने मांग की है कि ऐसे अधिकारी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इस मौके पर नागेंद्र सिंह रघुवर रजक कुमार अमरेंद्र कमल कुमार गोपाल प्रसाद गुप्ता मनोज कुमार सिंह उदय कुमार अनिल कुमार बुधन सिंह राहुल कुमार लाल देव कुमार हॉट्स कुमार पिंटू कुमार देवकांत कुमार प्रभा कुमारी आदि थे। कार्यक्रम में टेट-एसटेट समेत अन्य शिक्षक संघ भी शामिल थे।

विधायक आनंद शंकर सिंह ने स्थापना डीपीओ मिथिलेश कुमार सिंह के खिलाफ विधान सभा में आवाज उठाई है और उनके निलंबन व गिरफ्तारी की मांग की है। विधान पार्षद अवधेश कुमार सिंह व विधान सभा के पूर्व सभाध्यक्ष सदानंद सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया और डीपीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इन्होंने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय की छत से शिक्षक सुधीर कुमार सिंह को फेंक देना एक साजिश है। ऐसे अधिकारियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बतौर शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष वे शिक्षकों की समस्या को लेकर कार्यालय पहुंचते थे और उनके साथ डीपीओ व उनके कर्मियों ने जैसा व्यवहार किया है वह किसी भी स्थिति में क्षमा करने योग्य नहीं है।

समान अधिकार मोर्चा ने शिक्षक सुधीर कुमार सिंह प्रकरण में डीपीओ को बर्खास्त करने की मांग की है। संयोजक राणा आशुतोष सिंह ने कहा है कि जो अधिकारी शिक्षक पर जानलेवा हमला करे और कराए उसे अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। शिक्षक पर हुए हमले को उन्होंने षड्यंत्र करार दिया है। चेतावनी भरे अंदाज में उन्होंने कहा है कि 24 घंटे के अंदर यदि किसी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मोर्चा आंदोलन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *