शराब के नशे में चूर दारोगा ने महिला को कार से रौंदा
नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में शराब के नशे में चूर पुलिस कर्मी ने सड़क पर चल रही एक महिला को अपनी कार से रौंद दिया। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के चिल्ला गांव के पास एक महिला सड़क पर पैदल जा रही थी, तभी वहां आई एक सफेद रंग की कार ने उस महिला को जोरदार टक्कर मार दी। महिला के सड़क पर गिरते ही वहां मौजूद लोगों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह कार के नीचे फंसी महिला को घसीटते हुए और कुचलकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक सब-इंस्पेक्टर है। वह घटना के समय शराब के नशे में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना मौके पर लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसकी मदद से पुलिस ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को महज कुछ घंटों के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया।