शख्स ने 280 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई साइकिल, 24 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा

क्या कोई साइकिल चलाकर विश्व रिकॉर्ड बना सकता है? अगर आपके मन में ऐसा सवाल आता है, तो आप बिल्कुल सही हैं, क्योंकि ऐसा ही एक विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के रहने वाले 45 वर्षीय साइक्लिस्ट नील कैंपबेल ने बनाया है। उन्होंने 280.55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से साइकिल चलाकर 24 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया और एक नया इतिहास रचा।

नील कैंपबेल को यह विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए रनवे पर पोर्शे कार की बराबरी करनी थी। यह रेस उत्तरी यॉर्कशायर के 3.2 किलोमीटर लंबे एलविंग्टन एयरफील्ड पर हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैंपबेल ने जिस साइकिल से यह रिकॉर्ड बनाया, उसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये है। इस साइकिल को खासतौर पर तेज गति से चलाने के लिए ही तैयार किया गया है।

इससे पहले यह विश्व रिकॉर्ड नीदरलैंड के साइक्लिस्ट फ्रेड रोम्पेलबर्ग के नाम था, जिन्होंने साल 1995 में 268.76 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से साइकिल चलाकर एक तेज रफ्तार कार की बराबरी की थी।

हालांकि सबसे तेज साइकिल चलाने का विश्व रिकॉर्ड अमेरिकी साइक्लिस्ट डेनिस म्यूलर कोरनेक नामक महिला के नाम है। उन्होंने साल 2018 में 296.010 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से साइकिल चलाई थी। अब नील कैंपबेल का इरादा इस विश्व रिकॉर्ड को तोड़ना है।

कैंपबेल का कहना है कि वह अगले साल अमेरिका के उटाह में स्थित बोनेविले साल्ट फ्लैट्स के छह मील के ट्रैक पर 354 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। दुनिया के सबसे तेज साइक्लिस्ट डेनिस म्यूलर ने भी अपना विश्व रिकॉर्ड इसी ट्रैक पर बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *