विधायक आकाश ने निगम कर्मचारियों को दी धमकी और फिर कर दी पिटाई

इंदौर
 नगर निगम द्वारा शहर में चिन्हित किए गए 26 अति खतरनाक मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को गंजी कंपाउंड स्थित एक अति खतरनाक मकान को तोड़ने पहुंची निगम की टीम का इंदौर-3 के भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय से विवाद हो गया। विधायक ने निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को धमकी भरे लहजे में चेेतावनी देते हुए कहा कि 10 मिनट में यहां से निकल जाना वर्ना जो होगा उसकी जिम्मेदारी आप लोगों की होगी। इसके बाद विधायक भड़क गए और उन्होंने क्रिकेट बैट से निगम कर्मचारियों पर हमला कर दिया। विधायक आकाश भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र है।

बुधवार को निगम का अमला गंजी कंपाउंड स्थित एक अति खतरनाक मकान को तोड़ने पहुंचा था। निगम की टीम को देखकर रहवासियों ने विरोध प्रारंभ कर दिया और स्थानीय विधायक आकाश को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। विधायक के आते ही कार्यकर्ताओं ने जेसीबी की चाबी निकाल ली। विजयवर्गीय ने निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों काे चेतावनी देते हुए कहा कि 10 मिनट में यहां से निकल जाना वर्ना जो भी होगा उसके जिम्मेदार आप लोग होंगे।

निगम कर्मचारियों ने विधायक को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान जमकर तू-तू मैं-मैं हुई और विवाद बढ़ गया। इसी बीच विधायक अपना आपा खो बैठे और क्रिकेट बैट से निगम कर्मचारियों पर हमला कर दिया। विधायक को मारपीट करते देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी सकते में अा गए। हालांकि पुलिस और अन्य लोगों ने किसी तरह विधायक को पकड़कर शांत करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *