विधानसभा कल तक के लिए स्थगित, उपाध्यक्ष के लिए भाजपा-कांग्रेस ने उतारे उम्मीदवार

भोपाल| मध्य प्रदेश में 15 साल बाद बदलाव हुआ है, लेकिन तस्वीर वही है| 15 साल सदन में सत्ता पक्ष की कुर्सियों में बैठने वाली भाजपा अब विपक्ष की कुर्सियों पर विराजी है| लेकिन हंगामा अभी भी पुराना है| पहले विपक्ष के रूप में कांग्रेस सत्ता पक्ष पर लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगाती थी, अब वही भाजपा विधायक कर रहे हैं| विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव में भारी हंगामे के बाद अब उपाध्यक्ष पद के लिए भी कांग्रेस और भाजपा ने उम्मीदवार उतारे हैं| कांग्रेस की ओर से हिना कांवरे ने नामांकन भर दिया है, वहीं भाजपा की ओर से जगदीश देवड़ा का नाम घोषित किया गया है। डिप्टी स्पीकर पद के लिए चुनाव गुरुवार को होगा। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की तरह उपाध्यक्ष पद को लेकर भी सदन में गुरुवार की कार्रवाई हंगामेदार होने के आसार हैं।

विधानसभा की परंपरा के अनुसार अब तक ये पद विपक्ष को दे दिया जाता था। लेकिन अध्यक्ष पद के चुनाव के समय हुए विपक्ष के हंगामे और आरोपों के बाद अब कांग्रेस उपाध्यक्ष पद के लिए भी अपना प्रत्याशी खड़ा किया है। अगर वोटिंग में भाजपा पिछड़ी तो उपाध्यक्ष पद भी गंवाना पड़ेगा| कांग्रेस ने बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हिना कांवरे को उपाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। हिना को कुछ दिन पहले पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता भी बनाया है। वहीं बीजेपी ने मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा से विधायक जगदीश देवड़ा का नाम घोषित किया है| 

सदन की कार्यवाही कल तक स्थगित 

विधानसभा सत्र के तीसरे दिन सदन में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई| इसके बाद सदन की कार्यवाही गुरूवार तक के लिए स्थगित कर दी गई| पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अटल जी को याद करते हुए कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जब बोलते थे तो ऐसा लगता था मानो कविता सुना रहे है, वो उदार चरित्र और बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे| अटल जी की विदिशा से लोकसभा सीट खाली करने के बाद वहां से ही मै लोकसभा का चुनाव लडा| सदन में पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी समेत 14 नेताओं श्रद्धांजलि दी गई |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *