लोकसभा चुनाव सातवां चरण: भाजपा दोहरा पाएगी पिछला प्रदर्शन?

नई दिल्ली 
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में रविवार को 59 सीटों पर मतदान हो रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 59 सीटों में से 33 पर जीत दर्ज की थी। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की सभी 9 सीटों पर जीत हासिल की थी।

रविशंकर समेत चार केन्द्रीय मंत्रियों की परीक्षा
बिहार में अंतिम चरण में आठ सीटों पर मतदान होना हैं। यहां पर रविशंकर प्रसाद समेत तीन केंद्रीय मंत्री मैदान में हैं। सातवें चरण में बिहार की आठ सीटों नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद के साथ-साथ डेहरी विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदान होना है। इन संसदीय क्षेत्रों में कुल 157 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिनमें 20 महिला भी हैं। पटना साहिब में मुख्य मुकाबला मौजूदा सांसद तथा कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद के बीच है। वहीं आरा में केंद्रीय मंत्री आर के सिंह के सामने महागठबंधन समर्थित भाकपा माले उम्मीदवार राजू यादव हैं। 

– 15,811 मतदान केंद्र हैं आठ संसदीय क्षेत्रों में 
– 4,462 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं इनमें 

पंजाब: कैप्टन और बादल की प्रतिष्ठा दांव पर 
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में पंजाब की सभी 13 सीटों पर रविवार को मतदान होगा। पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। प्रदेश की 13 सीटों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, अभिनेता सनी देओल समेत कई कद्दावर नेता मैदान में हैं। 
– पंजाब 13 सीट
– 278 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 24 महिला हैं

हिमाचल प्रदेश: भाजपा के सामने चारों सीट बचाने की चुनौती
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में हिमाचल प्रदेश की चार संसदीय सीटों पर 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने चारों सीटें जीती थीं। भाजपा ने इस बार भी मंडी और हमीरपुर में अपने निवर्तमान सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने प्रदेश की सभी चारों लोकसभा सीटों पर नए चेहरे मैदान में उतारे है। 
– हिमाचल -4 सीटें 
– 7723 मतदान केन्द्र हैं चार सीटों के लिए कुल 45 उम्मीदवार हैं मैदान में

झारखंड : शिबू सोरेन समेत 42 उम्मीदवार मैदान में 
झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन समेत 42 उम्मीदवार मैदान में हैं। तीन संसदीय सीटों में दुमका, राजमहल और गोड्डा शामिल है सोरेन एक बार फिर दुमका सीट से मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा के सुनील सोरेन हैं। झामुमो नेता ने 2009 और 2014 में दो बार भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया था। दुमका सीट से 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, तो वहीं राजमहल से 14 और गोड्डा से 13 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।

मध्य प्रदेश: 82 प्रत्याशी आजमा रहे हैं भाग्य
मध्यप्रदेश की आठ संसदीय सीटों पर रविवार को होने वाले मतदान में दोनों मुख्य दलों भाजपा और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्षों समेत कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इन 8 लोकसभा क्षेत्रों में 82 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। .

– मध्य प्रदेश -08
– 18411 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं

UP: वोटिंग से पहले ही दलितों की अंगुली पर लगा दी स्याही, नोट भी बांटे
चंडीगढ़:किरण खेर का मुकाबला पवन बंसल से
केन्द्र प्रशासित क्षेत्र चंडीगढ़ की एक सीट पर रविवार को मतदान होगा। मौजूदा सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार किरन खेर तथा पूर्व रेल मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल में से किसी एक को सांसद चुनेंगे। 

पश्चिम बंगाल: तृणमूल और भाजपा में कांटे की टक्कर
लोकसभा की नौ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर है। इनमें कोलकाता उत्तर और कोलकाता दक्षिण, दमदम, बारासात, बसीरहाट, जादवपुर, डायमंड हार्बर, जयनगर और मथुरापुर शामिल है। वहीं इन सीटों पर कांग्रेस और वाम मोर्चा मुकाबले को चतुष्कोणीय बना रहे हैं। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से पुन: चुनाव लड़ रहे हैं। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *