लक्ष्य तय न होने से एक माह से जारी कांग्रेस सदस्यता अभियान नहीं पकड़ पा रहा है गति

भोपाल
प्रदेश में बीते एक माह से जारी कांग्रेस के सदस्यता अभियान के बाद भी न तो उसकी समय सीमा निर्धारित कर सका है और न ही कितने सदस्य बनाये जाने हैं इसका लक्ष्य तय किया जा सका है, लिहाजा इसके चलते यह अभियान गति ही नहीं पकड़ पा रहा है। किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई आदि को सदस्यों की संख्या का टारगेट नहीं दिया गया है। यही वजह है कि कांग्रेस का सदस्यता अभियान धीमी गति से चल रहा है।

कांग्रेस का सदस्यता अभियान गत 20 जुलाई से शुरू हुआ था। अभियान शुरू हुए करीब एक महीना होने को है, लेकिन अब तक उम्मीद के मुताबिक सदस्य नहीं बनाए जा सके हैं। अब तक कितने सदस्य बनाए जा चुके हैं, संगठन के पास भी इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है। सदस्यता अभियान के फीडबैक से पीसीसी चीफ व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने हाल में सभी जिलाध्यक्षों को पत्र लिखकर अधिक से अधिक सदस्य बनाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि इसके बाद कुछ जिलाध्यक्षों ने सदस्यता अभियान को सक्रियता बढ़ाई है।

जिला कांग्रेस की बैठक 21 को
भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा का कहना है कि 21 अगस्त को सदस्यता अभियान के संबंध में भोपाल के सभी पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें सदस्यता अभियान की समीक्षा होगी, आगे की रणनीति बनाई जाएगी और पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद विधानसभा वार बैठकें आयोजित की जाएंगी।

महिला कांग्रेस ने दिया लक्ष्य
महिला कांग्रेस ने जरूर अपने सभी जिलाध्यक्षों को 50-50 हजार सदस्य बनाने का टारगेट दिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने बताया कि पिछले दिनों अभियान की समीक्षा की जा चुकी है। हम जिलों से लगातार अभियान को लेकर फीडबैक ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *