रेड वॉर्निंग हटी फिर भी पसीने छुड़ा रहा सूरज, एक दिन बाद बारिश से आस

 
नई दिल्ली 

राजधानी दिल्ली समेत भारत का अधिकतर हिस्सा इस वक्त गर्मी का प्रकोप झेल रहा है। शनिवार को दिल्ली का तापमान 43.5 डिग्री तक था जो सामान्य स्तर से तीन पायदान ऊपर था। हालांकि, अब तापमान में शुक्रवार के मुकाबले थोड़ी गिरावट है लेकिन फिर भी सूरज पसीने छुड़ा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आनेवाले कुछ दिनों में बारिश हो सकती है जिससे लोगों को राहत मिल सकती है। 

रातें भी गर्म 
मई-जून की गर्मी अब दिन के साथ-साथ रात को भी पसीना छुड़ा रही है, वह भी रेकॉर्ड स्तर से। दिल्ली में 27.6 डिग्री रहे न्यूनतम तापमान ने 7 साल का रेकॉर्ड तोड़ा। पालम और नरेला में तो यह 30 डिग्री दर्ज किया गया, जो 10 साल में सबसे अधिक है। 

हटाई रेड वॉर्निंग 
मौसम विभाग ने एनसीआर के लिए पहले रेड वॉर्निंग जारी की थी, जिसमें अब सुधार करते हुए ऑरेंज कर दिया गया है। विभाग कुल चार तरह की वॉर्निंग जारी करता है। इसमें ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड शामिल हैं। यहां ग्रीन मतलब सामान्य और लाल मतलब खतरनाक स्थिति होता है। रविवार को भी तापमान ऑरेंज जोन में रहने के आसार हैं। विभाग का अनुमान है कि 4,5 और 6 को बारिश के भी आसार हैं जिससे राहत मिल सकती है। 

हवा की गुणवत्ता में भी सुधार की जरूरत 
अधिकारियों ने कहा कि पूर्ववर्ती हवाएं पारा गिराने में मदद करेंगी, लेकिन यह धीरे-धीरे होगा। रविवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। इसमें तापमान 44 (अधिकतम) से 27 (न्यूनतम) रहने का अनुमान है। हवा की गुणवत्ता की बात करें तो दिल्ली की हवा शनिवार को खराब हालत में थी। एयर इंडेक्स में यह 264 पर रही। अनुमान है कि तापमान में गिरावट के साथ ही इसकी गुणवत्ता में भी सुधार होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *