राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बीजेपी की 150 km लंबी पदयात्रा

भोपाल
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भाजपा हर लोकसभा क्षेत्र में 150 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं निकालेगी। इस आयोजन में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भागीदारी को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज वीडियो कांफ्रेंसिंग से संवाद करेंगे।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की मौजूदगी में यह वीडियो कांफ्रेंसिंग शाम को होगी। इसमें शाह और अन्य नेता बताएंगे कि किस तरह से प्लान करके पदयात्रा निकालना है और पार्टी के कार्यक्रमों पर अमल करना है।

इसके लिए सभी सांसदों, प्रदेश पदाधिकारियों को कांफ्रेंसिंग में मौजूद रहने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने निर्देश दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने बताया कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती से 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती तक सभी लोकसभाओं में गांधी-150 पदयात्राएं होंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुसार ये पदयात्राएं कम से कम 150 किलोमीटर लंबी हों और 15 दिनों तक चलें। इनमें पार्टी के सभी जनप्रतिनिधिगण और कार्यकर्ता सम्मिलित हों,  ऐसी योजना बनाई जाना है। बताया गया कि जिला अध्यक्षों को इसके लिए कार्यक्रम तय कर उस पर अमल कराने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *