‘रामायण’ फिर से शुरू, ‘राम’ और ‘सीता’ ने कहा समय आ गया है जब लोग भगवान को याद करें

रामानंद सागर का 80 के दशक का सबसे चहेता धारावाहिक 'रामायण' एक बार फिर से डीडी नैशनल पर शुरू होने जा रहा है। जहां कोरोना की वजह से लोग लॉकडाउन हैं और सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो कर रहे हैं, ऐसे में लोग एक बार फिर अपने पुराने शो से कनेक्ट होंगे। शो के पॉप्युलैरिटी का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि इसमें राम और सीता की भूमिका निभाने वाले मुख्य कलाकारों अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को लोग ठीक भगवान की तरह पूजते थे। एक बार फिर से इस शो के शुरू होने पर  'राम' और 'सीता' का कहना है कि समय आ गया है जब लोग भगवान को याद कर रहे हैं।

अरुण गोविल ने कहा, 'जब भी लोग बड़ी मुश्किल में होते हैं, जाहिर सी बात है कि वे भगवान की शरण में जाते हैं। आज ऐसा ही समय है, जब लोग मुश्किल में हैं। रामायण लोगों को बहुत कुछ सिखाता है, जैसे जीवन के मूल्य, मर्यादा, परिवार के प्रति फर्ज, धर्म और बहुत सी बातें। आज का युवा रामायण के बारे में ठीक से नहीं जानता, लेकिन अब टीवी पर फिर से आ रहा है तो लोग अच्छी तरह कुछ बातों को सीख पाएंगे।'

'रामायण' में सीता का किरदार निभाने वालीं दीपिका ने कहा, 'आज पूरी दुनिया शटडाउन है, यह समय है जब लोग भगवान को याद कर रहे हैं और इस मुश्किल समय मे भगवान को याद करना भी चाहिए। वह कहते हैं न कि खाली दिमाग शैतान का घर होता है, इस खाली दिमाग मे शैतान अपना घर बनाए उससे पहले भगवान का घर बनाने का समय है।'

उन्होंने इस शो को दोबारा शुरू करने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा, 'हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी सोचा होगा कि इस समय लोग क्या करेंगे, सबसे अच्छा होगा कि वह जीवन के प्रति मर्यादा सीखें। रामायण आपको जीवन जीने की महत्वपूर्ण मूल्य सिखाता है।'

दीपिका का कहना है कि यह धारावाहिक हमें धैर्य रखना सिखाता है। उन्होंने कहा, 'इस सीरियल को देखने के फायदा रामायण से लोगों को सीखना चाहिए कि कैसे पेशंस रखना है। आज के समय में जब पीएम मोदी सभी को घर पर रहने के लिए कह रहे हैं, लेकिन लोगों के अंदर धैर्य नहीं है। जीवन जीने के लिए धैर्य बहुत जरूरी है, रामायण आपको यह सिखा देगा।'

उन्होंने कहा, 'लोग आज इतने आज्ञाकारी नहीं हैं। बड़ों की आज्ञा का पालन करना रामायण आपको बहुत अच्छी तरह सिखाता है। पति-पत्नी की ड्यूटी क्या होती है यह भी रामायण सिखाता है। स्त्री की भूमिका क्या है, महत्व क्या है, मर्यादा क्या है और अधिकार क्या हैं यह रामायण सिखाता है आपको। आज के युवा को यज सीखना चाहिए।'

बता दें कि रामायण धारावाहिक डीडी नैशनल पर प्रसारण शुरू हो रहा है, जिसका पहला एपिसोड सुबह 9 बजे से 10 बजे तक और दूसरा रात 9 बजे से 10 बजे तक प्रसारित किया जाएगा।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *