राज्यसभा चुनाव:बिहार से सभी पांच प्रत्याशी निर्वाचित घोषित

पटना                                                 
बिहार से राज्यसभा के सभी पांच प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। बुधवार को सभी प्रत्याशियों ने विधानसभा के सचिव के कक्ष में जाकर प्रमाणपत्र प्राप्त किया। निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों में जदयू से राज्यभा के उप सभापति हरिवंश और पूर्व मंत्री रामनाथ ठाकुर, राजद से सांसद प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह तथा भाजपा से  विवेक ठाकुर शामिल हैं। प्रमाणपत्र लेने के बाद सभी विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के कक्ष में जाकर उनसे मुलाकात की। 

पांच सीटों के लिए इतनी ही संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। बुधवार को नामवापसी का समय समाप्त होने के बाद सभी को निर्वाचित घोषित कर दिया गया। विधानसभा के सचिव और निर्वाची पदाधिकारी बटेश्वर नाथ पांडेय ने सभी को प्रमाणपत्र सौंपा। हरिवंश और रामनाथ ठाकुर लगातार दूसरी बार जदयू से राज्यसभा गए। वहीं राजद से प्रेमचंद गुप्ता पांचवीं बार राज्यसभा गए। 

अमरेंद्र धारी सिंह पहली बार राज्यसभा जा रहे हैं। राजनीति में वे बिल्कुल ही नया चेहरा हैं। वहीं भाजपा से पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सीपी ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर राज्यसभा गए। 

विवेक ठाकुर पहली बार राज्यसभा के सदस्य बने। इससे पहले वे विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। इस मौके पर राजद के तेजस्वी यादव, भाजपा के मंगल पांडेय, विनोद नारायण झा, जदयू के श्रवण कुमार, संजय झा और लक्ष्मेश्वर राय आदि नेता अपने-अपने प्रत्याशियों केसाथ वहां पहुंचे थे। साथ में कई समर्थक भी पहुंचे थे।  

कोरोना वायरस पर जागरूता भी दिखी 
इस मौके पर कोरोना वायरस को लेकर विधानसभा परिसर में नेताओं और समर्थकों में जागरूकता भी दिखी। अपने-अपने नेताओं को बधाई अथवा शुभकामना देने के लिए फूलों के गुलदस्ता का प्रयोग नहीं किया गया था। साथ भीड़ आम तौर पर जितनी रहती है, उतनी नहीं थी। 

बिहार से राज्यसभा से किस दल के कितने : 
कुल सीटें : 16. 
जदयू : 05 
राजद : 05 
भाजपा : 03 
कांग्रेस : 01 
लोजपा: 01 
रिक्त :  01 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *