युवक को सड़क पर जमकर पीटा, साक्षी के पति अजितेश की गुंडई

 बरेली 
                                                                                                                                                 
सपा नेता और उसके साथी ने शुक्रवार रात को सड़क से लेकर थाने तक गुंडई की। उनकी एसयूवी को ओवरटेक करने की कोशिश करने वाले दवा कारोबारी के बेटे को सड़क पर सरेआम जमकर पीटा। उसका सिर दीवार पर दे मारा। पुलिस जब पकड़कर थाने ले गई तो वहां जमकर हंगामा और गाली गलौज किया। आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जनकपुरी में आरके नर्सिंग होम के पास रहने वाले प्रदीप कुमार का शील चौराहे पर मेडिकल स्टोर है। उनके बेटे दीपांश माहेश्वरी यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। शुक्रवार रात को वह अपने पापा की दवाई लेने किशोर मेडिकल स्टोर डेलापीर पर गए थे। लौटते वक्त राम जानकी मंदिर के पास एक एसयूवी (UK06 AP 6666) को उन्होंने ओवरटेक करने की कोशिश की। इसके बाद एसयूवी चालक ने गाड़ी उनकी बाइक के आगे लगा दी। गाड़ी से उतरते ही सपा नेता वैभव गंगवार और उनके साथी वीर सावरकर नगर के रहने वाले अजितेश नायक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों दीपांश पर टूट पड़े। उसे पीटा दीवार में उसका सिर पटक कर मार दिया। जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों जाने लगे। दीपांश ने गाली-गलौज हंगामा करते हुए उनका वीडियो बना लिया।

हमलावरों ने उसका मोबाइल तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान प्रेमनगर पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस वैभव गंगवार अजितेश उनकी गाड़ी व दोनों गनर को लेकर थाने आई। थाने पहुंचते ही अजितेश और वैभव गंगवार ने पुलिस पर धाक जमानी शुरू कर दी। गाली गलौज कर हंगामा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों की थाने में ही पिटाई लगाई। बाद में उन्हें हवालात में डाल दिया। घायल दीपांश का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दीपांश की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी शराब पीकर बवाल करने, पुलिस वालों से अभद्रता करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गाली गलौज करते अजितेश का वीडियो वायरल 
प्रेमनगर इलाके में सड़क पर गाली गलौज हंगामा करते अजितेश और वैभव गंगवार का वीडियो वायरल हो गया। देर रात तक शहर में तमाम लोगों के पास वीडियो पहुंचा। इसके बाद लोगों के फोन घनघनाने लगे। देर रात तक काफी लोग थाना प्रेमनगर पहुंच गए।

वैभव अजितेश को छुड़ाने के लिए नेताओं ने किए फोन
प्रेमनगर थाने से वैभव और अजितेश को छुड़ाने के लिए सपा से लेकर तमाम भाजपा नेताओं ने जोर लगाना शुरू कर दिया। उन्होंने देर रात कई पुलिस अधिकारियों को फोन किया। जिस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें वीडियो वायरल होने सड़क पर गुंडई करने और मौके से ही गिरफ्तार होने की बात कहकर अपनी असमर्थता व्यक्त कर मामले से पल्ला झाड़ा।

थाने में साक्षी को फोन कर रो पड़ा अजितेश
प्रेमनगर इंस्पेक्टर बलवीर सिंह के साथ पुलिस टीम अजितेश और वैभव गंगवार को थाने लाई। थाने पहुंचते ही अजितेश ने पत्नी साक्षी को फोन किया। फोन करते ही रोने लगा। उधर से साक्षी भी चीख कर रोने लगी। उसने थाने आने की जिद की। अजितेश ने उसे थाने आने से मना कर दिया। काफी देर तक उनके बीच फोन पर बातचीत होती रही। इसके बाद पुलिस ने उनका फोन जमा कर लिया।

गनर के साथ मिलकर दबंग करते हैं उगाही
पुलिस सूत्रों के अनुसार अजितेश वैभव और उनके कुछ अन्य साथी रात को गनर लेकर निकलते हैं। गनर भी उनके गुनाहों में बराबर का साथ देते हैं। शुक्रवार रात को भी गनर गाड़ी से उतरे। उन्होंने घटना को रोकने के बजाय गाली गलौज की।

किला थाने में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश का खुद को सिपाही बताकर गाली गलौज करने के बाद वैभव गंगवार चर्चा में आए थे। वैभव के साथ किला थाने में अजितेश भी मौजूद था। वैभव ने पुलिसवालों के खिलाफ जमकर गाली-गलौज और बवाल किया था। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री तक पहुंचा। इसके बाद वैभव गंगवार की गिरफ्तारी की गई थी। पुलिस वालों ने उनकी जमकर पिटाई लगाई और उन्हें जेल भेजा था।

सड़क पर मारपीट और बवाल करने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। गुंडई किसी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। – शैलेश कुमार पांडेय एसएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *