मौसम ने ली करवट, सूरज की तपिश से लोग बेहाल, दोपहर बाद ठंडी हवा और बारिश से मिली राहत

रायपुर
छत्तीसगढ़ में दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश  ने रायपुर के लोगों को चिलचिलाती धूप  और गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई थी। आगामी दो-तीन दिनों तक मौसम के खुननुमा बने रहने का अनुमान है।

दरअसल, गुरुवार सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर ने लोगों को काफी परेशान किया। सूर्योदय के समय ही तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तेज किरणें आग उगलने लगी। दोपहर की गर्मी ने परेशान कर दिया। अधिकतम पारा लगभग 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग सूरज की तपिश से बचने की जुगत में दिखे।

कोई पेड़ों की छांव लेता दिखा तो कोई ठंडे पेय के सहारे गर्मी से राहत की कोशिश में लगा रहा। हालांकि दोपहर बाद आसमान में उमड़े बादलों  ने सूरज की चुभती किरणों से काफी राहत दी। देखते ही देखते तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा के साथ पानी की बौछार से मौसम खुशनुमा हो गया। तेज हवा के साथ हल्की बारिश से राजधानी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग  का अनुमान है कि आगामी दो-तीन दिनों मौसम ऐसे ही खुननुमा बना रहेगा।

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई थी। हालांकि मौसम विभाग  ने द्रोणिका असर समाप्त होने के बाद अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की है। गुरुवार को राजधानी में आकाश मुख्यत: साफ रहेगा। दोपहर या शाम को आंशिक मेघमय  रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *