मेट्रो में छात्रों को दी जाए फ्री पास की सुविधाः अखिलेश

लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया के बहाने भाजपा ने स्वदेशी आंदोलन को फांसी लगा दी है। चीन और विदेश से सामान मंगाने के लाइसेंस बंट रहे हैं। बिचौलियों ने अर्थव्यवस्था पर कब्जा कर लिया है और विकास पिंजरे में कैद है। किसान और नौजवान ही नहीं बल्कि समाज का हर वर्ग हताश, कुंठित और परेशान है। उसे लोकसभा चुनाव का इंतजार है, जिसमें वह भाजपा को सबक सिखाएगा।

इतना ही नहीं अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने संविधान की भी शपथ ली है पर, काम कर रही है आरएसएस के एजेंडे पर। मोदी और योगी सरकार समाज में नफरत और दूरी पैदा कर रही हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट है। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार अपहरण की घटनाएं न होती हों।

उन्होंने कहा कि नौजवानों की नौकरियों का रास्ता बंद है। किसानों को फसल का लागत मूल्य नहीं मिल रहा, कर्ज से लदे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।केंद्र सरकार की नीतियों से गरीब और सामाजिक-आर्थिक विषमता बढ़ी है। वहीं, सपा के लोग डॉ. लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विरासत को आगे ले जाने के लिए संकल्पित हैं। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी चाहते हैं कि मेट्रो रेल में छात्रों को फ्री पास की सुविधा दी जाए। सिंचाई, पढ़ाई और स्वास्थ्य की सुविधाएं व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। समाजवादी पेंशन सबके लिए थी लेकिन भाजपा सरकार ने इसे खत्म कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *