‘महाराज वो शख्सियत, जिस दिन चाहें अपनी पार्टी खड़ी कर सकते हैं’- सुरेश राठखेड़ा

भोपाल
 कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्विटर पर स्टेटस बदलने के बाद शुरू हुई सियासत में अब एक नए बयान से हलचल मच गई है| सिंधिया समर्थक विधायक ने अपने एक बयान से सबको चौंका दिया है| अब तक सिंधिया के भाजपा में जाने की अटकलों का बाजार गर्म था| हालांकि यह सिर्फ अटकलें थी इन्हे खुद सिंधिया ने अफवाह बताया है| इस बीच पाेहरी विधानसभा के कांग्रेस विधायक सुरेश राठखेड़ा ने कहा है कि महाराज वो शख्सियत है जिस दिन चाहेंगे उस दिन मध्यप्रदेश में अपनी अलग पार्टी खड़ी कर सकते है। हालांकि विधायक ने सिंधिया द्वारा पार्टी छोड़े जाने की अटकलों को गलत बताया।

विधायक राठखेड़ा ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि 'महाराज' पार्टी छोड़ रहे हैं। उनका दूसरी पार्टी में जाने का सवाल ही नहीं उठता, लेकिन महाराज वो शख्सियत है जिस दिन चाहेंगे उस दिन मध्यप्रदेश में अपनी अलग पार्टी खड़ी कर सकते है। उन्होंने कहा कि राजनीति में हमारे लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया ही हमारे नेता हैं और यदि वो कोई नई पार्टी बनाएंगे, तो मैं उनके साथ उसी पार्टी में जाऊंगा

शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा से सुरेश राठखेड़ा कांग्रेस से विधायक है। वह सिंधिया के समर्थक भी है। विधायक सुरेश राठखेड़ा कई बार ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का समर्थन कर चुके हैं। सिंधिया के ट्विटर पर स्टेटस बदलने के बाद अचानक प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है| सियासी गलियारों में इस उनकी नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है| हालांकि बड़े नेता इस मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं| लेकिन सिंधिया की नाराजगी की चर्चा कई दिनों से राजनीतिक गलियारों में गर्म है| सिंधिया प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन इस पर अब तक फैसला नहीं हो पाया है, जिसको लेकर सिंधिया समर्थकों में नाराजगी बढ़ रही है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *