मंत्री के फरमान से मंत्रालय में हड़कंप

भोपाल
सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने हाल ही में सामान्य प्रशासन विभागा के अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि मंत्रालय में सालों से एक ही विभाग में जमे अधिकारी एवं कर्मचारियों को हटाया जाए। मंत्री के पत्र पर विभाग के अधिकारियों ने अभी तक अमल तो नहीं किया है, लेकिन मंत्रालय में हड़कंप की स्थिति मची हुई है। सालों से जमे अधिकारी एवं कर्मचारी खुद की बदली बचाने के लिए आला अधिकारियों की शरण में दिखाई दे रहे हैं।

जीएडी मंत्री ने एक नोटशीट लिखकर फरमान जारी किया था कि कर्मचारियों को हटाया जाए। जब 3 साल का नियम है तो कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी सालों से कैसे एक ही जगह पदस्थ हैं। मंत्रालयीन सूत्रों ने बताया कि फिलहाल जीएडी के अफसरों ने मंत्री की नोटशीट पर कोई भी संज्ञान नहीं लिया है। अफसरों की ओर से तर्क दिया गया है कि मंत्री को कर्मचारियों के नाम सहित नोटशीट नहीं लिखनी चाहिए थी, जिन्हें हटाया है उनके लिए मौखिक निर्देश जारी किए जा सकते थे। साथ ही अधिकारियों की ओर से तर्क दिया जा रहा है मंत्रालय में विभागों में निचले अमले की कमी है। जिन्हें हटाने की सिफारिश की गई है, उन्हें विभाग की काफी जानकारी है। उन्हें हटाने पर काम प्रभावित भी होगा।

मंत्री ने जो नोटशीट जीएडी को लिखी थी, उसमें करीब 25 अधिकारी एवं कर्मचारियों के  नाम हैं। जिनमें नगरीय  प्रशासन, राजस्व, गृह, सामान्य प्रशासन विभाग, लोनिवि, कृषि, उच्च शिक्षा आदि विभाग हैं। नोटशीट में सहायक ग्रेड-2 से सेक्शन अधिकारी तक के नाम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *